1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत को जीत के लिए बनाने होंगे 140 रन

भारत को जीत के लिए बनाने होंगे 140 रन

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 08, 2018 09:05 pm IST,  Updated : Mar 08, 2018 09:05 pm IST

रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था।

भारतीय टीम- India TV Hindi
भारतीय टीम

भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए निदाहास ट्रॉफी त्रिकोणीय टी20 टूर्नामेंट के दूसरे मैच में आज यहां बांग्लादेश को आठ विकेट पर 139 रन ही बनाने दिये। पिछले मैच में मेजबान श्रीलंका से हारने वाली भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। उसकी तरफ से लिट्टन दास ने सर्वाधिक 34 और शब्बीर रहमान ने 30 रन बनाये। 

आईपीएल में बिके महंगे खिलाड़ियों में से एक जयदेव उनादकट ने 38 रन देकर तीन जबकि अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे तमिलनाडु के आलराउंडर विजय शंकर ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिये। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (19 रन देकर एक), शार्दुल ठाकुर (25 रन देकर एक) और वाशिंगटन सुंदर (23 रन देकर कोई विकेट नहीं) ने किफायती गेंदबाजी की। 

भारत का क्षेत्ररक्षण हालांकि अच्छा नहीं रहा और वह बांग्लादेश के बल्लेबाज थे जिन्होंने लचर प्रदर्शन करके मौकों का फायदा नहीं उठाया। दास तब दोहरे अंक में भी नहीं पहुंचे थे जब सुरेश रैना और शंकर ने उनको जीवनदान दिया। भारत ने पहले पांच ओवरों में ही सौम्य सरकार (14) और आक्रामक बल्लेबाज तमीम इकबाल (15) की सलामी जोड़ी को पवेलियन भेजकर बांग्लादेश को दबाव में ला दिया था। 

चहल ने उनादकट की गेंद पर सरकार का खूबसूरत कैच लिया जबकि तमीम ने ठाकुर की गेंद पर आसान कैच थमाया। 

शंकर ने मुशफिकर रहीम (18) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला विकेट लिया। अपने अगले ओवर में उन्होंने कप्तान महमुदुल्लाह (एक) को भी पवेलियन भेजा। बांग्लादेशी बल्लेबाज शुरू से चहल की फिरकी को समझने में नाकाम रहे जिन्होंने दास के रूप में अपना एकमात्र विकेट लिया। निचले क्रम में शब्बीर रहमान ने कुछ अच्छे शाट लगाये जिससे टीम थोड़ा सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पायी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल