1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ ठोकी है रिकॉर्ड सेंचुरी, संजू सैमसन ने भी खेली थी आक्रामक पारी

अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ ठोकी है रिकॉर्ड सेंचुरी, संजू सैमसन ने भी खेली थी आक्रामक पारी

 Published : Jun 30, 2026 12:06 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 12:06 pm IST

अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में धमाकेदार पारियां खेल चुके हैं। इस बार भी अगर उनमें से किसी का भी बल्ला चला तो इंग्लैंड के लिए मुश्किल होगी। हालांकि क्या सवाल ये भी है कि क्या यही सलामी जोड़ी पहले टी20 मैच में उतरेगी।

abhishek sharma and sanju samson- India TV Hindi
अभिषेक शर्मा संजू सैमसन Image Source : AP

अभिषेक शर्मा भले ही आज की तारीख में आईसीसी की टी20 रैंकिंग के नंबर एक बल्लेबाज हों, लेकिन वे डक के भी नए ​रिकॉर्ड बना रहे हैं। आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में उन्होंने 49 रनों की पारी खेली हो, लेकिन दूसरे मैच में वे बिना खाता खोले डक पर आउट हो गए थे। हालांकि उन्होंने कुछ ही वक्त पहले इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार सेंचुरी लगाई थी, जो एक रिकॉर्ड है। इतना नहीं नहीं, संजू सैमसन ने भी अब से कुछ दिन पहले इंग्लैंड के खिलाफ आक्रामक पारी खेलने में कामयाबी हासिल की थी। 

​साल 2025 में अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ ठोके थे 54 बॉल पर 135 रन

साल 2025 के फरवरी में जब इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, तब सीरीज के पांचवें और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं। अ​भिषेक ने केवल 54 बॉल पर 135 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इसमें सात चौके और 13 छक्के उन्होंने जड़े थे। जब भी भारत और इंग्लैंड की टीमें इस फॉर्मेट में आमने सामने आई हैं, इससे ज्यादा स्कोर दोनों टीमों की ओर से और कोई बल्लेबाज नहीं बना पाया है। ये रिकॉर्ड है। 

क्या अभिषेक शर्मा की जगह मिलेगा वैभव सूर्यवंशी को मौका

भारतीय टीम ने अभिषेक के शतक की बदौलत 247 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया था और जवाब में इंग्लैंड की टीम केवल 97 रन ही बना सकी थी। इस मैच को भारत ने 150 रनों के भारी अंतर से अपने नाम किया था। अब ​जब फिर से अभिषेक इसी टीम के खिलाफ उतरेंगे तो देखना होगा कि कैसा खेल दिखाते हैं। हालांकि वे एक जुलाई को होने वाले पहले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे कि नहीं, ये तो टॉस के वक्त ही पता चलेगा। संभावना है कि वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका दिया जा सकता है। 

संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ जड़े थे 42 बॉल पर 89 रन

इस बीच भारत के दूसरे सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की बात की जाए तो उनका नॉक तो अब से कुछ ही दिन पहले आया था। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें 5 मार्च को आमने सामने थीं। अभिषेक शर्मा केवल 9 रन बनाकर आउट हो गए थे, तब संजू ने मोर्चा संभाला और केवल 42 बॉल पर 89 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल दी। उन्होंने आठ चौके और सात चौके लगाने में कामयाबी हासिल की थी। भारत ने इस मैच में 253 रन बनाए थे और इंग्लैंड की टीम 246 रन बनाकर सात रन से मैच हार गई थी। 

भारत की ओपनिंग जोड़ी को लेकर सस्पेंस

भारत के लिए अभी जो ओपनिंग जोड़ी उतर रही है, उनके रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ हाल के वक्त में काफी अच्छे हैं। अगर एक भी बल्लेबाज ने इसी तरह का प्रदर्शन किया तो फिर समझ लीजिए कि टीम इंडिया जीत दर्ज कर जाएगी। लेकिन आयरलैंड के खिलाफ इन दोनों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में क्या यही सलामी जोड़ी उतरेगी या फिर इसमें कुछ बदलाव किया जाएगा, ये देखना होगा। 

यह भी पढ़ें 

भारत और इंग्लैंड के बीच होगी टक्कर, टी20 इंटरनेशनल में कैसे हैं दोनों टीमों के रिकॉर्ड

भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज लाइव कैसे देखें, टीवी और मोबाइल पर ये है आसान तरीका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल