भारतीय क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ी आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार की तरफ से बड़ा तोहफा मिला है, जिसमें 24 जुलाई को दोनों ही प्लेयर्स को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तरफ से 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत पुलिस उपाधीक्षक यानी डीएसपी के पद पर नियुक्त कर दिया गया है। पटना में ऊर्जा ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में तेज गेंदबाज रहे आकाशदीप और मुकेश कुमार के अलावा एथलीट पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक यानी एसआई के पद पर नियुक्ति दी गयी। इस कार्यक्रम में सीएम के अलावा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद थी।
बिहार के कुल 19 खिलाड़ियों को दिया गया नियुक्ति पत्र
पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत जहां आकाश दीप और मुकेश कुमार को नियुक्ति पत्र दिया तो वहीं उनके साथ कुल 19 खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इसमें एथलीट पियूष राज के अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेल विधाओं के अन्य खिलाड़ी भी शामिल थे। वहीं इस कार्यक्रम के दौरान बिहार सीएम ने खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और सम्मान राशि भी प्रदान की। बिहार सरकार ने बताया कि पिछले 2 सालों में विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुल 180 खिलाड़ियों को अलग-अलग सरकारी विभागों में नियुक्ति दी जा चुकी है।
एथलीट सेतु मिश्रा को मिली 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि
बिहार सरकार ने एशियाई अंडर-23 में गोल्ड मेडल और एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में सिल्वर मेडल जीतने वाले सेतु मिश्रा को सम्मान राशि के रूप में इस कार्यक्रम के दौरान 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी। इसके अलावा एथलेटिक विभास्कर कुमार को दो लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई जिन्होंने इसी इवेंट में हिस्सा लिया था। बता दें कि बिहार सरकार खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दे रही है।
आकाश दीप और मुकेश कुमार को टीम इंडिया में वापसी पर नजरें
टीम इंडिया के दोनों ही तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार अभी स्क्वाड से बाहर चल रहे हैं, जिसमें दोनों की नजरें अब वापसी को लेकर टिकी हुई हैं। आकाश दीप आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल होने की वजह से पूरे सीजन से बाहर थे, जिसके बाद अब वह कप वापसी कर पाएंगे इसको लेकर सभी की नजरें हैं। वहीं मुकेश कुमार ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेला था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं था।
ये भी पढ़ें
अब कब खेला जाएगा भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 मुकाबला, मैच शुरू होने का वक्त भी नोट कीजिए