1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अर्जुन तेंदुलकर की अब नहीं होगी MI में वापसी! जानें क्यों रोहित शर्मा नहीं दे रहे मौका?

अर्जुन तेंदुलकर की अब नहीं होगी MI में वापसी! जानें क्यों रोहित शर्मा नहीं दे रहे मौका?

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : May 12, 2023 04:50 pm IST,  Updated : May 12, 2023 04:50 pm IST

Arjun Tendulkar, Mumbai Indians: अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई के लिए इस सीजन अभी तक 4 मैच खेले जिसमें तीन विकेट उनके नाम दर्ज हुए हैं।

Rohit Sharma, Arjun Tendulkar, Mumbai Indians- India TV Hindi
रोहित शर्मा और अर्जुन तेंदुलकर Image Source : PTI

मुंबई इंडियंस की टीम ने आईपीएल 2023 में इस बार दमदार वापसी की है। हालांकि, टीम के लिए अभी तक काफी चीजें विपरीत रही हैं। बुमराह और रिचर्डसन पहले ही बाहर हो गए थे। बीच सीजन से जोफ्रा आर्चर का बाहर होना। फिर रोहित शर्मा की खराब फॉर्म और गेंदबाजों का लगातार 200 से ऊपर रन देना। यह सभी कुछ टीम के लिए दिक्कत पैदा कर रहा था। लेकिन इन सबके बीच मुंबई के लिए उनके बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है और यही कारण है कि टीम 11 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 में मौजूद है। पर इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि, अर्जुन तेंदुलकर आखिर कहां गायब हो गए? क्यों अचानक से रोहित शर्मा का उनके ऊपर से विश्वास उठ गया? क्या अब वह पूरे सीजन मुंबई इंडियंस के लिए वापसी नहीं कर पाएंगे?

ऐसे कई सवाल अब पिछले चार मैचों के बाद उठने लगे हैं। अर्जुन तेंदुलकर ने केकेआर के खिलाफ 16 अप्रैल को 22वें मैच में अपना आईपीएल डेब्यू किया था। उस मैच में उन्होंने किफायती गेंदबाजी से सभी को आकर्षित भी किया। उन्होंने इसके बाद चार मैच मुंबई के लिए खेले और चारों मैचों में पेस अटैक की शुरुआत की। उस दौरान उन्होंने तीन विकेट भी लिए। लेकिन उनके एक ओवर ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। यह एक ओवर आया था पंजाब किंग्स के खिलाफ जिसमें सैम करन और हरप्रीत भाटिया ने 31 रन ठोक दिए थे। वहीं से उनकी आलोचना होने लगी। वह लाइन से भटके हुए नजर आए और एक्स्ट्रा भी उन्होंने दिए। फिर गुजरात के खिलाफ उन्होंने अच्छी वापसी की और शुरुआती दो ओवर में किफायती गेंदबाजी करते हुए रिद्दिमान साहा का विकेट भी लिया। फिर दो ओवरों के बाद ना उन्होंने गेंदबाजी की और फिर ना ही उसके बाद चार मैचों में रोहित शर्मा ने उन्हें मौका दिया।

Arjun Tendulkar
Image Source : PTIArjun Tendulkar

क्यों बाहर हो गए अर्जुन तेंदुलकर?

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस की पिछली भिड़ंत में आखिरी बार अर्जुन तेंदुलकर खेले थे। उन्होंने पहले दो ओवर अपने पॉवरप्ले में किफायती गेंदबाजी करते हुए निकाले और एक विकेट लिया। पंजाब के खिलाफ भी उन्होंने पॉवरप्ले में विकेट झटका था। लेकिन फिर गुजरात के खिलाफ उस मैच में रोहित शर्मा ने उन्हें गेंदबाजी नहीं दी। इतना ही नहीं उसके बाद बैक टू बैक चार मैचों में उन्हें मौका भी नहीं मिला। इसका प्रमुख कारण रहे अरशद खान जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आते ही तीन विकेट लिए और मुंबई वो मैच जीत गई। फिर आकाश मधवाल भी अर्जुन के लिए चुनौती बन गए।  मुंबई को शुक्रवार को अपना 12वां मुकाबला गुजरात के खिलाफ खेलना है। इन दोनों को रोहित खिलाते हैं या फिर अर्जुन को मौका देते हैं, यह टॉस के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल ऐसा लग रहा है कि रोहित शर्मा शायद अर्जुन के ऊपर खुलकर भरोसा नहीं कर पाए रहे हैं और वह उनको लेकर डरते हैं। यही कारण है कि वह डेथ ओवर्स में उनसे गेंदबाजी नहीं करवाते। बिना खराब प्रदर्शन के बाहर कर दिया। यह सभी पहलू सोचने पर मजबूर करते हैं। तभी अब यह लगने लगा है कि शायद अब अर्जुन की टीम में वापसी ना भी हो।

Arjun Tendulkar
Image Source : PTIगुजरात के खिलाफ पिछले मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने झटका था साहा का विकेट

अरशद और आकाश से बेहतर अर्जुन की इकॉनमी

अगर आंकड़ों पर गौर करें तो जैसे-जैसे मैच आगे बढ़े वैसे-वैसे अरशद खान और आकाश मधवाल दोनों गेंदबाजों की इकॉनमी अर्जुन से भी आगे निकल गई है। अरशद ने जहां तीन मैचों में 13 की इकॉनमी से रन लुटाए और इसी कारण उन्हें आरसीबी के खिलाफ बाहर भी किया गया। वहीं आकाश ने भी 10 से ऊपर की इकॉनमी से तीन मैचों में रन दिए हैं। ऐसे में क्या रोहित शर्मा एक बार फिर से अर्जुन तेंदुलकर को मौका देते हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। अर्जुन ने चार मैचों में तकरीबन 9 से अधिक की इकॉनमी से रन दिए थे और तीन विकेट लिए थे। सनराइजर्स के खिलाफ उन्होंने आखिरी ओवर भी फेंका था और अपना पहला आईपीएल विकेट लिया था। फिर पॉवरप्ले में भी उन्होंने पंजाब और गुजरात के खिलाफ विकेट लिए थे। अब देखना होगा कि, क्या फिर से रोहित उनके ऊपर भरोसा दिखाते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें:-

विराट कोहली से लड़ाई के बाद सामने आया नवीन का यह Video, आवेश खान ने उगलवाया सच

युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, दुनिया के सभी दिग्गजों को पछाड़ बने IPL के नंबर 1 गेंदबाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल