Ashwani Kumar: आईपीएल 2025 में इस समय मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें मुंबई ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने प्लेइंग इलेवन में अश्विनी कुमार को मौका दिया। इसी के साथ 23 साल के युवा खिलाड़ी अश्विनी का आईपीएल में डेब्यू हुआ और उन्होंने डेब्यू की अपनी पहली गेंद पर ही कमाल कर दिया।
अजिंक्य रहाणे का चटकाया विकेट
अश्विनी कुमार ने अपने आईपीएल करियर की पहली गेंद अजिंक्य रहाणे को फेंकी और इस पर रहाणे ने बड़ा स्ट्रोक लगाने की कोशिश की। इसके बाद तिलक वर्मा ने कैच पकड़ा और रहाणे को पवेलियन लौटना पड़ा। इस तरह से अश्विनी ने आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर ही विकेट हासिल कर लिया। वह आईपीएल में ऐसा करने वाले कुल 10वें गेंदबाज बने हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर ही विकेट लेने वाले वह कुल तीसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले अल्जारी जोसेफ और अली मुर्तजा ऐसा कर चुके हैं।
30 लाख रुपए में मुंबई इंडियंस की टीम में हुए थे शामिल
अश्विनी कुमार को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के दौरान मुंबई इंडियंस की टीम ने 30 लाख रुपए में खरीदा था। इससे पहले वह पंजाब किंग्स की टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन तब वह प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके थे। अब इस सीजन उन्हें डेब्यू करने का मौका मिला और पहली ही गेंद पर उन्होंने अपना जौहर दिखाया है।
शेर-ए पंजाब टी20 टूर्नामेंट में दिखाया था दम
अश्विनी कुमार का जन्म 29 अगस्त 2001 में पंजाब के मोहाली में हुआ था। घरेलू क्रिकेट में वह पंजाब की तरफ से ही खेलते हैं। शेर-ए-पंजाब टी20 टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीतने में कामयाब रहे थे। उन्होंने अभी तक 2 फर्स्ट क्लास मैचों में तीन विकेट हासिल किए हैं। वहीं चार लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम पर तीन विकेट दर्ज हैं। अश्विनी पहले खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्हें इस सीजन मुंबई ने काबिलियत दिखाने का मौका दिया है। इससे पहले विग्नेश पुथुर और सत्यनारायण राजू को भी मुंबई ने चांस दिया था।
KKR के खिलाफ मैच के लिए मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन:
रयान रिकेल्टन, विल जैक्स (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, विग्नेश पुथुर।
यह भी पढ़ें:
आईपीएल के पहले ही ओवर में कहर बरपाता है ये गेंदबाज, कोई नहीं है टक्कर में
आईपीएल में 27 करोड़ का खिलाड़ी सुपर फ्लॉप, अब कहीं घर ही ना करा दे बेइज्जती