बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में हराने में कामयाबी हासिल कर ली है। इस एक ही जीत के बाद बाबर आजम फूले नहीं समा रहे हैं, वे बड़ी बातें करने लगे हैं। वे शायद ये भूल गए कि सीरीज का पहला मैच वे बुरी तरह से हारे थे और इस जीत के बाद भी सीरीज ड्रॉ रही है, पाकिस्तान जीता नहीं है। हालांकि कई साल से विदेश में चले आ रहे हार के सिलसिले को जरूर उन्होंने रोकने का काम किया है।
पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया, सीरीज बराबरी पर समाप्त
वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हो गई है। सीरीज का पहला मैच वेस्टइंडीज ने जीता था, वहीं दूसरा मैच पाकिस्तान ने आठ विकेट से जीत लिया है। इस जीत के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि जब टीम जीतती है तो अच्छा लगता है और वे तो टीम के कप्तान हैं तो खुशी और ज्यादा है। बाबर आजम ने कहा कि जो प्लान हमने बनाया था, उस पर काम किया और कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि पहली पारी में अब्दुल्ला शफीक ने जिस तरह की पारी खेली, वो काबिलेतारीफ रही।
बाबर आजम करने लगे अपनी चालाकी की बात
बाबर आजम ने कहा कि जिस तरह की गेंदबाजी स्पिनर्स ने की, वो कमाल की थी। उसी ने वेस्टइंडीज का प्रेशर में डालने का काम किया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि टीम ने पिछले तीन महीने से जो तैयारी की है, उसका रिजल्ट आ रहा है। लेकिन वे भूल गए कि यही तैयारी सीरीज के पिछले मैच में कहां चली गई थी, जहां टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि पिच जब देखी तो समझ आ गया था कि ये पाकिस्तान की तरह की स्पिन फ्रेंडली है और उसके बाद टीम कॉबिनेशन बनाया जो काम कर गया। बाबर आजम को इस सीरीज के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं। मैच के दौरान बाबर की अंगुली में चोट भी लग गई थी, उसको लेकर उन्होंने कहा कि उसमें थोड़ा दर्द है, लेकिन अब काफी ठीक है।
आखिरकार पाकिस्तान को मिली विदेशी सरजमीं पर टेस्ट जीत
पाकिस्तान ने इस जीत के साथ ही लगातार विदेश में मिल रही हार के सिलसिले को तोड़ दिया है। टीम विदेश सरजमीं पर लगातार चार टेस्ट हार चुकी थी। साल 2023 की जुलाई में पाकिस्तान ने श्रीलंका को उसी की जमीन पर हराया था, इसके बाद अब जीत मिली है। पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 10 टेस्ट सीरीज खेली जा चुकी हैं। इसमें से चार में वेस्टइंडीज जीता है और केवल एक ही पाकिस्तान जीत सका है, पांच सीरीज ड्रॉ रही हैं।
यह भी पढ़ें
भारतीय टेस्ट टीम की मौजूदा हालत पर अजिंक्य रहाणे ने जताई चिंता, कहा- सीनियर खिलाड़ी बहुत जरूरी
13 इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ ऑस्ट्रेलिया जाएगी न्यूजीलैंड-ए टीम, पहली बार खेलेगी टॉप एंड T20 सीरीज