लीड्स में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान की टीम के लिए लॉर्ड्स टेस्ट से पहले एक अच्छी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज और टेस्ट कप्तान बाबर आजम उंगली की चोट से उबरते नजर आ रहे हैं। 25 अगस्त को उन्होंने लॉर्ड्स में नेट्स पर बल्लेबाजी की और तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों का भी सामना किया। इसके बाद पाकिस्तान टीम ने उनकी फिटनेस को लेकर सकारात्मक अपडेट दिया है।
बाबर आजम वेस्टइंडीज दौरे के दौरान उंगली में लगी चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट से बाहर रहे थे। बेकेनहम में अभ्यास मैच के दौरान उनकी चोट कुछ और बढ़ गई थी। हालांकि, अब उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है और 27 अगस्त से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई है।
बॉलिंग कोच ने दी अच्छी खबर
पाकिस्तान के गेंदबाजी कोच उमर गुल ने बताया कि बाबर ने नेट्स में पूरी बल्लेबाजी सेशन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बाबर ने नेट्स में बल्लेबाजी की। उन्होंने तेज गेंदबाजों, स्पिनरों और थ्रोडाउन का सामना किया। हमें उम्मीद है कि वह मैच के लिए उपलब्ध होंगे। आज वह अच्छी स्थिति में दिखे और उन्होंने नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने पूरा बल्लेबाजी सेशन किया। बाबर की वापसी पाकिस्तान के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि टीम को पहले टेस्ट में बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। लीड्स में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
बाबर का इंग्लैंड में रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में बाबर पाकिस्तान के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने दो अर्धशतकों की मदद से 193 रन बनाए थे। इंग्लैंड में भी उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इस टीम के खिलाफ इंग्लैंड की धरती पर उन्होंने 6 पारियों में तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 65.75 का है।
इंग्लैंड के खिलाफ कुल 14 टेस्ट पारियों में बाबर ने 6 अर्धशतक और एक शतक की मदद से 53.83 की औसत से रन बनाए हैं। ऐसे में अगर बाबर लॉर्ड्स टेस्ट के लिए फिट घोषित होते हैं, तो पाकिस्तान की बल्लेबाजी को बड़ा सहारा मिलेगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 27 से 31 अगस्त तक लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 9 से 13 सितंबर तक एजबेस्टन में होगा
यह भी पढ़ें:
ऋषभ पंत की चोट पर कोच मोर्ने मोर्केल ने दिया बड़ा अपडेट, बताया कब करेंगे मैदान पर वापसी
टीम इंडिया की जीत में बारिश बनेगी विलेन? टेस्ट मैच के चौथे दिन कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम