1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup 2026: बांग्लादेश का बड़ा उलटफेर, पाकिस्तान लगातार तीसरी हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर

T20 World Cup 2026: बांग्लादेश का बड़ा उलटफेर, पाकिस्तान लगातार तीसरी हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jun 21, 2026 07:19 am IST,  Updated : Jun 21, 2026 07:20 am IST

ICC वूमेन्स T20 कप 2026 में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 23 रन से हरा दिया। इस हार के साथ ही पाकिस्तान का टूर्नामेंट से बोरिया बिस्तर बंध गया।

BAN vs PAK- India TV Hindi
बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान Image Source : BANGLADESH CRICKET (@BCBTIGERS)

ICC वूमेन्स T20 कप 2026 में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 23 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। साउथैम्प्टन के हैम्पशायर बाउल में खेले गए इस मुकाबले में एक समय पाकिस्तान जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन बांग्लादेशी स्पिनरों ने ऐसा जाल बिछाया कि पूरी पाकिस्तानी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। 

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान फातिमा सना की धारदार गेंदबाजी के सामने टॉप आर्डर बिखर गया और टीम महज 13 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। दिलारा अख्तर, शर्मिन अख्तर और जुआइरिया फिरदौस जल्दी पवेलियन लौट गईं। मुश्किल हालात में कप्तान निगार सुल्ताना ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शोभना मोस्तरी के साथ अहम साझेदारी की। निगार ने 38 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि सोभाना ने 22 रन का योगदान दिया। हालांकि बांग्लादेश 10 ओवर के बाद 48 रन पर चार विकेट खोकर संघर्ष कर रहा था।

पाकिस्तान को मिला 124 रनों का लक्ष्य

इसके बाद शोर्ना अख्तर ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाई। उन्होंने लोअर आर्डर के बल्लेबाजों के साथ मिलकर तेजी से रन जुटाए और 22 गेंदों में नाबाद 39 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे। आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेश ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 123 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर दिया। पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में केवल 18 रन देकर दो विकेट झटके।

124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहतरीन रही। मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गुल फिरोजा ने 23 और मुनीबा अली ने 25 रन बनाए। 10 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 58 रन पर एक विकेट था और जीत करीब नजर आ रही थी। लेकिन यहीं से मुकाबला पलट गया। बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने अपने गेंदबाजों का शानदार इस्तेमाल किया और स्पिन अटैक ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। नाहिदा अख्तर और संजिदा अख्तर मेघला ने लगातार विकेट निकालकर पाकिस्तान को दबाव में ला दिया।

एक समय 49 रन बिना किसी नुकसान के बना चुकी पाकिस्तान की टीम देखते ही देखते 86 रन पर 8 विकेट गंवा बैठी। मिडिल आर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा और बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। नाहिदा ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि संजिदा ने 21 रन देकर 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।

लगातार तीसरी शर्मनाक हार

निर्धारित 20 ओवर में पाकिस्तान 8 विकेट पर 100 रन ही बना सकी और उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ पाकिस्तान का सेमीफाइनल का सपना भी टूट गया और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। दूसरी ओर, बांग्लादेश ने अपनी दूसरी जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में मजबूती हासिल की। टीम अब सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। खास बात यह रही कि बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार किसी एक संस्करण में दो मुकाबले जीतने का कारनामा किया है।

यह भी पढ़ें:

12 साल का इंतजार खत्म, जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को हरा फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट में बनाई जगह

IND vs AFG: रोहित शर्मा ने हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, राहुल द्रविड़ को भी छोड़ दिया पीछे

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल