13 जुलाई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह पिछले 18 सालों से टीम के कोच थे। साल 2008 में पहले उन्होंने सीएसके के लिए एक खिलाड़ी के रूप में मैच खेला था और उसके तुरंत बाद ही वे टीम के हेड कोच बन गए थे। लेकिन अब 2026 का सीजन खत्म होने के बाद उन्होंने टीम का साथ छोड़ दिया है। अब खबरें ये आ रही हैं कि सिर्फ फ्लेमिंग ही नहीं, बल्कि टीम के कुछ और बड़े नाम भी सीएसके से अलग होने वाले हैं। आने वाले दिनों में टीम के बल्लेबाजी कोचऔर गेंदबाजी कोच भी अपने पद से हट सकते हैं।
एरिक सिमंस भी छोड़ सकते हैं अपना पद
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद अब गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस टीम से अलग हो सकते हैं। हालांकि माइक हसी को लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। CSK मैनेजमेंट का कहना है कि फ्लेमिंग ने अपनी मर्जी और आपसी बातचीत के बाद ही कोच का पद छोड़ने का फैसला किया है। वैसे तो करीब एक महीने पहले सीएसके के सीईओ (CEO) ने कहा था कि स्टीफन फ्लेमिंग अगले साल भी टीम के हेड कोच बने रहेंगे। लेकिन अब अचानक ऐसा क्या बदल गया कि फ्लेमिंग को इस्तीफा देना पड़ा?
सीएसके फ्रेंचाइजी की बाकी टीमों को संभाल रहे थे फ्लेमिंग
आपको बता दें कि अगले सीजन से पहले सीएसके की टीम में कई बड़े बदलाव होने की उम्मीद पहले से ही थी और फ्लेमिंग का जाना उसी की शुरुआत है। आपको बता दें कि स्टीफन फ्लेमिंग सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ही हेड कोच नहीं थे। वे दुनिया की अन्य टी20 लीगों में भी सीएसके फ्रेंचाइजी की बाकी टीमों को संभाल रहे थे, जैसे MLC की टेक्सास सुपर किंग्स और SA20 की जोबर्ग सुपर किंग्स। वे इन सभी टीमों के मुख्य कर्ता-धर्ता थे। इस सीजन MLC और SA20 में भी सुपर किंग्स टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था।
फ्लेमिंग के काम करने के तरीके से खुश नहीं था CSK मैनेजमेंट
दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सीनियर मैनेजमेंट स्टीफन फ्लेमिंग के काम करने के तरीके से ज्यादा खुश नहीं था। वह बहुत लंबे समय से टीम के साथ जुड़े थे, इसलिए अब बदलाव होना तय माना जा रहा था। इसके अलावा पिछले तीन सालों (2024 से 2026) में टीम का प्रदर्शन भी आईपीएल में बेहद खराब रहा। CSK पिछले तीन सीजन में पांचवें, दसवें और आठवें नंबर पर रही। CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने फ्लेमिंग को लेकर कहा कि दोनों पक्षों ने आपस में ईमानदारी से बात की और सहमति से अलग होने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें
वनडे में इंग्लैंड पर भारी रही है टीम इंडिया, हेड-टू-हेड आंकड़े दे रहे गवाही, कुछ ऐसा है रिकॉर्ड