सीएसके यानी चेन्नई सुपरकिंग्स और केकेआर यानी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें आज आईपीएल में एक दूसरे के सामने होंगी। दोनों टीमों का हाल काफी खराब है। केकेआर का तो अभी तक जीत का खाता भी नहीं खुला है, हालांकि सीएसके ने अपनी जीत का सिलसिला देर से ही सही, लेकिन शुरू कर दिया है। आज का मैच रोचक होगा, लेकिन ये अंक तालिका की दो सबसे नीचे वाली टीमों के बीच जंग है। दोनों टीमें एक दूसरे को पछाड़कर आगे जाने की कोशिश करेंगी। चलिए जरा समझने की कोशिश करते हैं कि आज कौन सी टीम बाजी मार सकती है।
संजू सैमसन का फार्म बन सकता है केकेआर के लिए टेंशन का सबब
आईपीएल में आज शाम साढ़े सात बजे सीएसके और केकेआर के बीच मुकाबला होना है। मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। सीएसके के लिए अच्छी बात ये है कि संजू सैमसन ने पिछले ही मैच में धमाकेदार शतक जड़ा था और ये बताने की कोशिश की कि वे अब फार्म में आ चुके हैं। उन्होंने नाबाद 115 रनों की पारी खेली। अब वे इसी तरह की बल्लेबाजी करते रहे तो फिर केकेआर के लिए मुश्किल बढ़ेगी, इसमें कोई शक नहीं है।
सीएसके के पास नया बॉलिंग अटैक
सीएसके के पास इस वक्त बिल्कुल नया बॉलिंग अटैक है। खासकर स्पिनर्स नए हैं। अफगानिस्तान के नूर अहमद और वेस्टइंडीज के अकील होसैन ये जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खलील अहमद तेज गेंदबाजी से शुरुआत करते हैं। वे अच्छी स्विंग कराते हैं, जो केकेआर के लिए अच्छी बात नहीं है। सीएसके को अपने घर में खेलने का भी फायदा मिलता हुआ नजर आ सकता है। हालांकि पिछले कुछ वक्त में सीएसके को उसके घर में कई टीमों ने हराया है, लेकिन केकेआर की टीम उनसे काफी कमजोर नजर आ रही है।
केकेआर के सामने बहुत सारी मुश्किलें
बात अगर केकेआर की करें तो अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम अभी तक लय नहीं पकड़ पाई है। टीम के पास एक अंक हैं, वो भी मैच रद होने के कारण मिला है। टीम की ओपनिंग जोड़ी अच्छा नहीं कर पा रही है। मिडल आर्डर भी बुरी तरह से फ्लॉप है। सबसे महंगे खिलाड़ी के तौर पर आए कैमरून ग्रीन ना तो रन बना पा रहे हैं, ना ही विकेट उन्हें मिल रहे हैं, यही टीम की टेंशन का सबसे बड़ा विषय है। आज के मैच में अगर सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती ने अपना काम किया तो ही टीम की जीत की संभावना बनेगी। इस तरह से देखें तो आज 60 प्रतिशत सीएसके और 40 प्रतिशत केकेआर की जीत की संभावना नजर आती है।
धोनी को लेकर अभी तक साफ नहीं है तस्वीर
इस बीच बात अगर एमएस धोनी की करें तो वे अपनी चोट से उबर रहे हैं। खबर है कि उन्होंने सोमवार को मैदान पर उतरकर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की है और जल्द ही पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे। लेकिन चेन्नई का मैनेजमेंट उनको लेकर क्या फैसला करता है, ये देखना दिलचस्प होगा। वैसे आज उनके खेलने को लेकर पक्के तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। हां, अगर वे लौटे तो टीम को ताकत मिलेगी। कप्तान रुतुराज गायकवाड को भी एक अच्छा सलाहकार मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें
IPL Orange Cap: वैभव सूर्यवंशी से छिनी ऑरेंज कैप, गोल्डन डक पर आउट होते ही दो बल्लेबाजों ने पछाड़ा
वैभव सूर्यवंशी की हो सकती है टीम इंडिया में एंट्री, इस सीरीज में मौका संभव