इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 26वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच में खेला गया, जिसे दिल्ली की टीम 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। आरसीबी ने इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 176 रनों का टारगेट दिया था, जिसके बाद टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिल्ली को इस मैच के आखिरी 2 ओवर्स में जब जीत के लिए 25 रन बनाने थे, तो ऐसे में डेविड मिलर के बल्ले का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने आखिरी ओवर में लगातार 2 छक्के लगाने के साथ टीम की जीत को पक्का कर दिया। वहीं मिलर इसी के साथ एक खास छक्के लगाने की लिस्ट में कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ने में भी कामयाब रहे।
मिलर इस लिस्ट में अब सिर्फ एमएस धोनी से पीछे
आईपीएल में टारगेट का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए जीते हुए मुकाबलों में पारी के 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में डेविड मिलर अब एमएस धोनी के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। मिलर ने टारगेट का पीछा करते हुए आईपीएल के इतिहास में जीते हुए मुकाबलों में 20वें ओवर में अब तक 26 गेंदें खेली हैं और उसमें उनके बल्ले से 9 छक्के देखने को मिले हैं। वहीं अब कायरन पोलार्ड जिनकी गिनती आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े मैच विनर खिलाड़ियों में की जाती है वह इस लिस्ट में 7 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर चले गए हैं। दिग्गज एमएस धोनी इस लिस्ट में 14 छक्कों के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं। डेविड मिलर का आईपीएल टारगेट का सफल पीछा करते हुए जीत दिलाने के मामले में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने 36 पारियों में अब तक 98.81 के औसत से 1087 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से छह अर्धशतकीय और एक शतकीय पारी देखने को मिली है।
आईपीएल में 20वें ओवर में टारगेट का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
- एमएस धोनी - 14 छक्के (57 गेंदें)
- डेविड मिलर - 9 छक्के (26 गेंदें)
- कायरन पोलार्ड - 7 छक्के (22 गेंदें)
आरसीबी का लगातार 5 जीत का सिलसिला थमा
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम की आईपीएल 2026 के सीजन में ये छठे मुकाबले में सिर्फ दूसरी हार है। वहीं घर पर वह अपने पिछले पांच मुकाबले इस मैच से पहले लगातार जीतने में कामयाब रहे थे, जिसे दिल्ली कैपिटल्स ने अब इस मैच को जीतने के साथ रोक दिया है।
ये भी पढ़ें
4,4,4,6,6: अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, महज इतनी गेंदों में ठोका अर्धशतक, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
जसप्रीत बुमराह को आखिर ये हुआ क्या? विकेट ना मिलने पर नहीं कंट्रोल हुआ गुस्सा, देखें VIDEO