1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कैमरून ग्रीन से क्यों नाराज हैं आर अश्विन? अब IPL फ्रेंचाइजी को दी सैलरी काटने की सलाह

कैमरून ग्रीन से क्यों नाराज हैं आर अश्विन? अब IPL फ्रेंचाइजी को दी सैलरी काटने की सलाह

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Mar 21, 2026 10:44 pm IST,  Updated : Mar 21, 2026 10:46 pm IST

पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने कोलकाता नाइट राइडर्स को एक खास सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि अगर कैमरून ग्रीन टीम के लिए पूरे चार ओवर की गेंदबाजी नहीं करता है तो उसकी सैलरी काट लेनी चाहिए।

Cameron Green- India TV Hindi
कैमरून ग्रीन Image Source : PTI

R Ashwin on Cameron Green: IPL 2026 के सीजन की शुरुआत से पहले एक मिनी ऑक्शन का आयोजन किया गया था। उस ऑक्शन में केकेआर की फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ में खरीदा। ग्रीन इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। केकेआर ने उनके लिए ऊपर इतना बड़ा दांव इसलिए खेला क्योंकि आईपीएल 2025 के बाद केकेआर के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने संन्यास ले लिया था। केकेआर ने ग्रीन को आंद्रे रसेल के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया है।

कैमरून ग्रीन चोट के बाद कर रहे हैं वापसी

हालांकि, कैमरून ग्रीन इस वक्त खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। वे चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी करने वाले हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चार ओवर की गेंदबाजी कर पाएंगे? केकेआर यही चाहेगी कि आगामी सीजन में वह गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दे सके। लेकिन आपको बता दें कि चोट की वजह से उन्होंने अपने करियर में अभी तक ज्यादा बॉलिंग नहीं की है। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने कैमरून ग्रीन को लेकर एक हैरान करने वाला बयान दिया है। 

कैमरून ग्रीन को लेकर आर अश्विन ने क्या कहा?

आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ऐश की बात में कहा कि कैमरून ग्रीन को लेकर मेरा एक सवाल है। क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें हर आईपीएल मैच में चार ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति देगा? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें साफ-साफ कह सकता है, आप चार ओवर गेंदबाजी नहीं कर सकते। इसलिए हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि उनके बारे में स्थिति क्या है।

अश्विन ने आगे कहा कि यह बहुत सीधा-सादा मामला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया कह रहा है कि आप आईपीएल में खेलें, लेकिन हमारे लिए टेस्ट क्रिकेट ज्यादा महत्वपूर्ण है। उनका ऑस्ट्रेलिया के साथ सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट है। लेकिन आईपीएल टीमों को भी ऐसा ही मौका मिलना चाहिए। अगर आप सिर्फ दो ओवर गेंदबाजी करते हैं, तो मैं आपके सैलरी में से 2 करोड़ रुपये काट लूंगा। अगर वह चार ओवर नहीं फेंक पाते हैं, तो आपको पैसे काटने का अधिकार है।

चार ओवर गेंदबाजी को लेकर ग्रीन ने दिया बड़ा बयान

अश्विन ने एक बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जब आप ऑक्शन में आए थे, तब हमने आपसे हर बार चार ओवर गेंदबाजी करने की उम्मीद की थी। अगर कोई पाबंदी है, तो टीम को अनुबंध राशि काटने का अधिकार होना चाहिए। यह मेरी सीधी-सादी राय है। उन्होंने फ्रेंचाइजी के मालिकों का उदाहरण देते हुए कहा कि मान लीजिए आप केकेआर और शाहरुख खान हैं, आपने एक खिलाड़ी को 25 करोड़ रुपये दिए हैं, और वह कहता है मैं सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी करूंगा। तो आपको कैसा लगेगा।

यह भी पढ़ें

PBKS SWOT Analysis: क्या पंजाब किंग्स है IPL 2026 का खिताब जीतने के लिए फेवरेट्स? देखें टीम की ताकत और कमजोरी
क्या RCB कर पाएगी टाइटल डिफेंड? आर अश्विन ने अगले दो साल को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल