भारतीय महिला टीम ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में 52 रनों से जीत हासिल करने के साथ पहली बार इस ट्रॉफी को जीता है। टीम इंडिया का इस वनडे वर्ल्ड कप में खिताब जीतने तक का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा, जिसमें एक समय उनके लिए सेमीफाइनल में जगह बनाना भी मुश्किल लग रहा था। टीम इंडिया ने सभी पड़ावों को पार करने के साथ ट्रॉफी अपने नाम करने में सफलता हासिल की। भारतीय टीम के लिए इस मेगा टूर्नामेंट में ऑलराउंडर खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने अहम भूमिका निभाई जिन्होंने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें फाइनल मैच में भी दीप्ति का ये फॉर्म जारी देखने को मिला। दीप्ति को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला, जिसके बाद उन्होंने इस एक सपना पूरा होने जैसा बताया।
यह सब कुछ एक सपने जैसा लग रहा है
दीप्ति शर्मा को जब आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया तो उन्होंने अपने बयान में कहा कि मैं सच कहूं तो यह सबकुछ मुझे एक सपने जैसा लग रहा है क्योंकि अभी हम इस भावना से पूरी तरह बाहर नहीं आ पाए हैं। मुझे काफी अच्छा लगा कि मैं फाइनल मुकाबले में अपना अहम योगदान दे सकी। हमने लगातार ये कोशिश कि हर मैच से जो भी सीखेंगे उसे आगे लेकर जाएंगे और उसी के दम पर हम ऐसा करने में कामयाब हो पाए हैं। एक टीम के रूप में हम काफी खुश हैं। मेरी कोशिश हालात के अनुसार खेलने की होती है। एक ऑलराउंडर के रूप में बेहतर प्रदर्शन करने से ज्यादा खुशी और क्या हो सकती है। मुझे उम्मीद है कि अब हमारे और भी ज्यादा मैच होंगे। मैं बस यह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट ट्रॉफी अपने मम्मी-पापा को समर्पित करना चाहती हूं।
टूर्नामेंट में ऐसा रहा दीप्ति शर्मा का गेंद और बल्ले से प्रदर्शन
दीप्ति शर्मा का आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में बल्ले और गेंद से प्रदर्शन देखा जाए तो उसमें उन्होंने 9 मैचों में 7 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 30.71 के औसत से कुल 215 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले नंबर पर रहीं। दीप्ति ने 20.40 के औसत से 22 विकेट हासिल किए जिसमें उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 5.52 का रहा। इसके अलावा दीप्ति ने एक बार 5 विकेट हॉल हासिल किया तो वहीं एक बार चार विकेट भी मैच में लेने में कामयाब रहीं।
ये भी पढ़ें
वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने के साथ टीम इंडिया पर हुई धनवर्षा, प्राइज मनी के रूप में मिले इतने करोड़ रुपये
VIDEO: अमनजोत कौर ने की गजब की फील्डिंग, शानदार थ्रो से अफ्रीकी बल्लेबाज को किया रनआउट