1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दिल्ली की टीम ने पहले दिन अपनी पकड़ की मजबूत, अब दूसरे दिन कोहली की बल्लेबाजी पर रहेंगी सभी की नजरें

दिल्ली की टीम ने पहले दिन अपनी पकड़ की मजबूत, अब दूसरे दिन कोहली की बल्लेबाजी पर रहेंगी सभी की नजरें

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Jan 30, 2025 06:16 pm IST,  Updated : Jan 30, 2025 06:16 pm IST

Ranji Trophy 2024-25: दिल्ली और रेलवे के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन के खेल में दिल्ली की टीम ने अपनी पकड़ को मजबूत कर लिया है, जिसमें उन्होंने रेलवे की पहली पारी को 241 रनों के स्कोर पर समेटने के साथ पहले दिन का खेल खत्म होने पर 41 रन बना लिए थे।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : PTI

रणजी ट्रॉफी 2024-25 में दिल्ली और रेलवे के बीच खेले जा रहे एलीट ग्रुप-डी के मुकाबले में सभी भारतीय क्रिकेट फैंस की नजरें लगी हुईं। इस मैच में वर्ल्ड क्रिकेट के दिग्गज प्लेयर्स में शामिल विराट कोहली काफी लंबे अंतराल के बाद दिल्ली की टीम से घरेलू क्रिकेट में खेलने उतरे हैं। 30 जनवरी को जब ये मुकाबला शुरू होना था तो उससे पहले ही स्टेडियम के बाहर फैंस की भारी भीड़ भी देखने को मिली, जो पूरे दिन विराट कोहली की बल्लेबाजी का इंतजार करती रही। पहले दिन के खेल में दिल्ली के गेंदबाजों का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने रेलवे टीम की पहली पारी को 241 रनों के स्कोर पर समेट दिया, तो वहीं दिन का खेल खत्म होने पर दिल्ली की टीम ने अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 41 रन बना लिए थे। दिल्ली के लिए गेंदबाजी में नवदीप सैनी और सुमित माथुर ने 3-3 विकेट हासिल किए।

दूसरे दिन फैंस को कोहली की बल्लेबाजी देखने का मिल सकता मौका

रेलवे की टीम जब दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में अपनी पहली पारी में 241 के स्कोर पर सिमटी तो उस समय कुल 17 ओवर्स का खेल और बाकी था, इसके बाद दिल्ली ने अपना पहला विकेट पारी के दूसरे ही ओवर में अर्पित राणा के रूप में गंवा दिया जो 10 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। इसके बाद एस सांगवान और यश ढुल ने मिलकर टीम को पहले दिन के खेल में कोई और झटका नहीं लगने दिया और स्कोर 41 रनों तक पहुंचा दिया। अब दूसरे दिन के खेल पर सभी की नजरें टिकी हुईं हैं, जिसमें विराट कोहली की बल्लेबाजी देखने का मौका फैंस को मिल सकता है। कोहली पिछले काफी समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और ऐसे में उनके प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें टिकी रहने वाली हैं।

विराट कोहली ने निभाई सीनियर प्लेयर की भूमिका

रणजी ट्रॉफी में 13 साल बाद मुकाबला खेलने उतरे विराट कोहली अब वर्ल्ड क्रिकेट के महान प्लेयर्स की लिस्ट में शुमार हैं। ऐसे में रेलवे के खिलाफ पहले दिन के खेल में फील्डिंग के दौरान कोहली ने सीनियर प्लेयर की भूमिका काफी शानदार तरीके से निभाई, जिसमें वह गेंदबाजों का जहां सलाह देते हुए नजर आए तो वहीं विकेट गिरने पर उनका आक्रामक अंदाज भी देखने को मिला। कोहली को इस मुकाबले के खत्म होने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ भी जुड़ना है।

ये भी पढ़ें

SL vs AUS: उस्मान ख्वाजा ने जड़ा दोहरा शतक, श्रीलंका के खिलाफ किया बड़ा कारनामा

रणजी ट्रॉफी में शतक के बाद लिया हैट्रिक, टीम इंडिया में वापसी को तैयार ये स्टार ऑलराउंडर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल