महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 339 रन का टारगेट रखा है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इस मैच में फोएब लिचफील्ड ने शतक लगाया, वहीं एलिस पेरी ने भी इस मैच में एक अच्छी अर्धशतकीय पारी खेली। पेरी इस मैच में 77 रन बनाकर आउट हुई। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया।
पेरी ने अपने नाम किया ये रिकॉर्ड
एलिस पेरी अब वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। पेरी ने वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ 18 सिक्स लगाए हैं। इस मामले में अब उन्होंने साउथ अफ्रीका की पूर्व दिग्गज क्रिकेटर लिजेल ली को पीछे छोड़ा है। उन्होंने अपने वनडे करियर में भारत के खिलाफ 17 सिक्स लगाए थे। लिस्ट में तीसरे नंबर पर क्लोई ट्रेयोन का नाम है। उन्होंने 16 सिक्स लगाए हैं। वहीं एलिसा हीली ने भारत के खिलाफ वनडे में 11 सिक्स लगाए थे।
पेरी और लिचफील्ड के बीच हुई शतकीय साझेदारी
पेरी ने इस मैच में 88 गेंदों का सामना किया और वह 77 रन बनाकर आउट हुई। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले। वहीं उनका स्ट्राइक रेट 87.50 का रहा। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए फोएब लिचफील्ड के साथ मिलकर 133 गेंदों में 155 रन की साझेदारी की। इसके बाद बेथ मूनी के साथ उन्होंने 40 गेंदों में 40 रन जोड़े। पेरी ने 66 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें इस मैच में राधा यादव ने पवेलियन भेजा।
भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया ने रखा बड़ा टारगेट
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फोएबे लिचफिल्ड के शतक की मदद से 338 रन बनाए हैं। भारत को इस मैच को जीतने और फाइनल में पहुंचने के लिए इतिहास रचना होगा। महिला वनडे क्रिकेट में इससे पहले इतना बड़ा लक्ष्य चेज नहीं किया गया। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में 49.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 338 रन बनाए। भारत के लिए श्री चरणी, दीप्ति शर्मा ने 2-2, क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव ने 1-1 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया की तीन बल्लेबाज इस मैच में रन आउट हुईं।
ये भी पढ़ें
भारत में टेस्ट सीरीज के दौरान टूटेगी बड़ी परंपरा, लंच से पहले इस वजह से लिया जाएगा टी ब्रेक
अजीबोगरीब तरीके से आउट हुईं स्मृति मंधाना, थर्ड अंपायर के फैसले पर दिया ऐसा रिएक्शन, देखें VIDEO