कोलकाता नाइट राइडर्स जिन्होंने अब तक इंडियन प्रीमियर लीग के हुए 18 सीजन में खेलते हुए तीन बार ट्रॉफी को अपने नाम किया है, उनको लेकर टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी अनिल कुंबले का बड़ा बयान सामने आया है। केकेआर की टीम ने साल 2024 में तीसरी बार आईपीएल ट्रॉफी को अपने नाम किया था, जिसमें उन्हें खिताब जिताने में श्रेयस अय्यर और फिल साल्ट ने अहम भूमिका अदा की थी। हालांकि इन दोनों ही खिलाड़ियों को केकेआर ने साल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर सभी को हैरान कर दिया था। अब उनके इसी कदम को लेकर अनिल कुंबले ने दिए अपने बयान में कहा कि ये केकेआर का अब तक का सबसे गलत फैसला था।
खिलाड़ियों को अपने साथ रखने के मामले में उनमें कोई निरंतरता नहीं है
अनिल कुंबले ने जियो हॉटस्टार में केकेआर टीम को लेकर बात करते हुए कहा कि उन्होंने दो साल पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी में तीसरी बार आईपीएल ट्रॉफी को जीता था, जिसमें फिल साल्ट ने भी अहम जिम्मेदारी निभाई थी। इसके बाद केकेआर ने दोनों को रिलीज कर दिया। खिलाड़ियों को अपने साथ रखने के मामले में उनमें कोई निरंतरता नहीं है। केकेआर ने श्रेयस अय्यर और फिल सॉल्ट को जाने देकर गलत फैसला किया और इस वजह से अब उनके पास आईपीएल जीतने वाला कोई कप्तान नहीं है। अजिंक्य रहाणे एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मुंबई और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की है। हालांकि रहाणे अभी तक बतौर कप्तान आईपीएल में खुद को उस तरह से साबित नहीं कर पाए जिसकी उम्मीद उनसे की जाती है।
ऐसा कप्तान जिसने ट्रॉफी जीती है उसका फायदा आपको मिलता है
केकेआर को लेकर अनिल कुंबले ने आगे कहा कि आपके पास यदि एक ऐसा कप्तान मौजूद होता है, जिसने ट्रॉफी को जीता हुआ है तो उसका आपको फायदा मिलता है। केकेआर को ये चीज सीखनी चाहिए कि अहम खिलाड़ियों को अपने पास बनाए रखना होगा नहीं तो उन्हें ट्रॉफी जीतने का दावेदार नहीं माना जा सकता है। अय्यर जिस नई फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े उसने पिछले 10 साल में फाइनल नहीं खेला था और पंजाब किंग्स के साथ अपने पहले ही सीजन में उसने उन्हें फाइनल तक पहुंचा दिया। श्रेयस उन खिलाड़ियों में से हैं जिनको हर बार खुद को साबित करना पड़ता है और मुझे लगता है कि उन्हें कम आंका जाता है।
ये भी पढ़ें
सलमान अली आगा को अब ICC से लगी कड़ी फटकार, बचकानी हरकत के बाद मिली बड़ी सजा