1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर भड़के पूर्व क्रिकेटर, बोले- देश के लिए खेलने से ज्यादा पैसे कमाने पर ध्यान

पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर भड़के पूर्व क्रिकेटर, बोले- देश के लिए खेलने से ज्यादा पैसे कमाने पर ध्यान

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 13, 2026 06:52 am IST,  Updated : Aug 13, 2026 06:52 am IST

पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर इकबाल कासिम ने मौजूदा खिलाड़ियों की सोच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई युवा क्रिकेटर अपनी तकनीक और खेल की समझ सुधारने के बजाय पैसे कमाने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
पाकिस्तान क्रिकेट टीम Image Source : AFP

पाकिस्तान क्रिकेट में इन दिनों मैदान के प्रदर्शन के साथ-साथ खिलाड़ियों की सोच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब टीम के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और पूर्व चीफ सिलेक्टर इकबाल कासिम ने मौजूदा पीढ़ी के खिलाड़ियों पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि पाकिस्तान के कई युवा क्रिकेटर खेल को बेहतर बनाने और देश का प्रतिनिधित्व करने की बजाय कमाई पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।

50 टेस्ट मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके कासिम ने कहा कि मौजूदा खिलाड़ियों में अपनी तकनीक, खेल की समझ और कौशल को निखारने के लिए मेहनत करने की इच्छा पहले जैसी नजर नहीं आती। उनके मुताबिक, युवा खिलाड़ी पैसे के पीछे भाग रहे हैं, जबकि उनके लिए देश की जर्सी पहनना सबसे बड़ा सम्मान होना चाहिए।

 खेल से ज्यादा पैसा कमाने पर ध्यान

कासिम ने कहा कि अतीत या हमारे समय में हम कैसे क्रिकेट खेलते थे, इस बारे में बात नहीं करना चाहता। लेकिन सच कहूं तो उन्हें ज्यादातर युवा खिलाड़ियों में अपने खेल की समझ और कौशल को बेहतर करने के लिए मेहनत और प्रतिबद्धता की कमी दिखाई देती है। ऐसा लगता है कि उनका ध्यान खेल से ज्यादा पैसा कमाने पर है।

उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट भले ही पिछले कुछ दशकों में काफी बदल गया हो, लेकिन सफलता का मूल मंत्र आज भी वही है। खिलाड़ी अपनी व्यक्तिगत कमियों को दूर करने और खेल को समझने के लिए कितना समय देता है, यही उसकी कामयाबी तय करता है। कासिम के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट में फिलहाल यही चीज पर्याप्त रूप से देखने को नहीं मिल रही।

देश के लिए खेलना सबसे बड़ा इनाम

पूर्व स्पिनर ने कोचिंग स्टाफ और डेटा पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता को भी खिलाड़ियों की कमजोरी बताया। उन्होंने कहा कि युवा क्रिकेटर खुद बैठकर अपनी गलतियों और खेल की परिस्थितियों को समझने के लिए पर्याप्त समय नहीं दे रहे हैं। कासिम ने कहा कि उनके लिए देश के लिए खेलना किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा इनाम है। उनका मानना है कि अगर कोई क्रिकेटर अपनी गुणवत्ता और प्रदर्शन लगातार बेहतर करता है तो पैसा उसके पीछे खुद आता है, उसे कमाई के लिए भागने की जरूरत नहीं होती।

पूर्व चीफ सिलेक्टर ने मौजूदा सिलेक्टर्स की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दीर्घकालिक योजना और सिलेक्शन में निरंतरता की कमी पर चिंता जताई। अपने दौर को याद करते हुए कासिम ने बताया कि उस समय सिलेक्टर्स बिना वेतन या फीस के मानद आधार पर अपनी जिम्मेदारी निभाते थे।

यह भी पढ़ें:

अफगानिस्तानी खिलाड़ी ने वनडे में रचा इतिहास, बर्थडे पर सेंचुरी के दम पर सचिन और लैथम को छोड़ दिया पीछे

भारत बनाम श्रीलंका सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान, इन प्लेयर्स को मिली टीम में एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल