भारत और इंग्लैंड के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है जिसमें तीसरा और निर्णायक मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने इस सीरीज के पहले मुकाबले को जहां 6 विकेट से अपने नाम किया था तो वहीं दूसरे मैच में मेजबान इंग्लैंड ने शानदार वापसी करने के साथ 4 विकेट से उसे जीतने में कामयाब रही थी। ऐसे में अब तीसरे मैच के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद लगाई जा सकती है, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें लॉर्ड्स स्टेडियम की पिच को लेकर भी रहने वाली हैं, जो पिछले कुछ मुकाबलों से सवालों के घेरे में रही है और इसकी वजह से टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है।
पहले बल्लेबाजी करना हो सकता है फायदेमंद
लॉर्ड्स की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर जून महीने की शुरुआत में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच में खेला गया टेस्ट मुकाबला सिर्फ चार दिनों के अंदर ही खत्म हो गया था। इस मैच में दोनों ही टीमों के बल्लेबाज काफी संघर्ष करते हुए दिखाई दिए थे। आईसीसी ने बाद में पिच को असंतोषजनक माना था। वहीं महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले की पिच को लेकर भी सवाल उठे थे। ऐसे में अब इस वनडे मैच में सबसे ज्यादा नजरें पिच को लेकर टिकी रहने वाली हैं, जिसमें टॉस की भूमिका काफी अहम रहेगी, जिसमें इसे जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेगी तो उसके लिए बेहतर साबित होगा क्योंकि खेल आगे बढ़ने के साथ पिच के धीमे होने की संभावना जताई जा रही है। लॉर्ड्स के स्टेडियम में अब तक 71 वनडे मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें 35 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीता है तो 33 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम मुकाबला अपने नाम करने में कामयाब रही है। यहां पर पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 240 से 250 रनों के बीच का देखने को मिला है।
टीम इंडिया ने अब तक लॉर्ड्स में खेले हैं 9 वनडे मुकाबले
भारतीय टीम का लॉर्ड्स में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने यहां पर 9 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें 4 को वह जहां जीतने में कामयाब रहे हैं तो वहीं चार मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं एक मैच रद्द रहा है। टीम इंडिया ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 8 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें से तीन को जीतने में कामयाब रही है तो वहीं चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक मुकाबला टाई पर खत्म हुआ।
ये भी पढ़ें
विराट कोहली का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर कैसा रहा है प्रदर्शन? नहीं लगा पाए हैं एक भी फिफ्टी
लॉर्ड्स वनडे से पहले बदल गया भारत का स्क्वॉड, वॉशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान