क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट की नई इबारत लिखी गई। विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह लॉर्ड्स में महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं। 25 साल की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका ने तीसरे दिन 145 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनकी इस शानदार पारी में 12 चौके शामिल रहे। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में भी पहला शतक है।
पहली गेंद पर मिला था जीवनदान
लॉर्ड्स टेस्ट में तीसरे दिन यास्तिका किस्मत को अपनी पहली ही गेंद पर किस्मत का साथ मिला। इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल की पहली ही गेंद उनके ऑफ स्टंप से टकराई, लेकिन बेल्स नहीं गिरीं और वह आउट होने से बच गईं। जीवनदान मिलने के बाद यास्तिका ने कोई गलती नहीं की और धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए ऐतिहासिक शतक पूरा कर लिया। यह मुकाबला लॉर्ड्स में खेला जा रहा पहला महिला टेस्ट है और यास्तिका ने इसे और भी यादगार बना दिया।
क्रांति गौड़ के बाद यास्तिका ने रचा इतिहास
इस टेस्ट मैच में भारत की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड की पहली पारी में पांच विकेट लेकर पहले ही लॉर्ड्स ऑनर्स बोर्ड पर जगह बना ली थी। अब यास्तिका भाटिया ने शतक लगाकर ऐतिहासिक कीर्तिमान रच दिया। लगातार दो दिनों में दो भारतीय महिला खिलाड़ियों का ऑनर्स बोर्ड पर पहुंचना भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास उपलब्धि माना जा रहा है।
यास्तिका की यह पारी ऐसे समय आई, जब भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों को लंबे समय तक परेशान किया और आखिरकार इतिहास रच दिया। यास्तिका भाटिया 113 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्होंने अपनी पारी में 158 गेंदों का सामना किया और 14 चौके जड़े। सोफी एक्लेस्टोन ने 73वें ओवर में 287 रन के स्कोर पर यास्तिका को अपना चौथा शिकार बनाया। गौरतलब है कि टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 300 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं और बढ़त 400 के पार चली गई है।
यह भी पढ़ें:
लॉर्ड्स के मैदान पर दिखा क्रांति गौड़ का कमाल, ऑनर्स बोर्ड पर जगह बनाने वाली बनीं पहली महिला खिलाड़ी
लॉर्ड्स में हरमनप्रीत कौर का जलवा, तीनों फॉर्मेट में फिफ्टी जड़कर किया बड़ा कारनामा