1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के इन खिलाड़ियों को खूब भाती है अफगानिस्तान, जमकर कूटे हैं रन

टीम इंडिया के इन खिलाड़ियों को खूब भाती है अफगानिस्तान, जमकर कूटे हैं रन

 Published : Jan 10, 2024 03:22 pm IST,  Updated : Jan 10, 2024 03:22 pm IST

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज 11 जनवरी से शुरू होने जा रही है। इसके लिए पूरी टीम इंडिया तैयार है। लेकिन क्या आपको पता है कि इन दोनों टीमों के बीच टी20 मैचों में सबसे ज्यादा रन किसने बनाए हैं।

Virat Kohli and Rohit Sharma- India TV Hindi
विराट कोहली और रोहित शर्मा को खूब भाती है अफगानिस्तान Image Source : GETTY

India vs Afghanistan T20 Series : रोहित शर्मा और विराट कोहली। ये दो खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन पर आने वाले कुछ दिनों में पूरी दुनिया की नजरें रहने वाली हैं। हो भी क्यों न, जब करीब 15 महीने बाद इन दोनों की वापसी टी20 इंटरनेशनल में होने वाली है तो रडार पर तो रहेंगे ही। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली बार टी20 सीरीज खेली जा रही है। भले ही भारत और अफगानिस्तान की टीमें एक दूसरे के आमने सामने कम ही बार आई हों, लेकिन इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर रन बनाने काम किया है। 

अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन, एक शतक भी शामिल 

अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन पूर्व कप्तान विराट कोहली ने ठोके हैं। उन्होंने अब तक केवल तीन ही टी20 इंटरनेशनल मैच अफगानिस्तान के खिलाफ खेले हैं, उसमें 172 रन बनाकर दोनों टीमों के टॉप स्कोरर हैं। आपको याद ही होगा कि कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में एक ही शतक लगाया है और वो अफगानिस्तान के ही खिलाफ आया है। उन्होंने 172 की औसत और इतने ही स्ट्राइक रेट से रन कूटे हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर आते हैं केएल राहुल। जो इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। राहुल ने अफगानिस्तान के खिलाफ इस फॉर्मेट में दो मुकाबले खेले हैं और उनके नाम 131 रन दर्ज हैं। उन्होंने दोनों मैचों में अर्धशतक जमाए हैं। उनका औसत 65.50 का है और स्ट्राइक रेट 147.19 का है। 

रोहित शर्मा रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर 

बात अगर कप्तान रोहित शर्मा की करें तो उनके आंकड़े भी ठीकठाक ही कहे जा सकते हैं। रोहित ने अफगानिस्तान के खिलाफ अब तक दो मुकाबले खेले हैं और इसमें उनके नाम 75 रन हैं। उन्होंने एक अर्धशतक इस टीम के खिलाफ लगाया है। उनका औसत 75 का है और उन्होंने 156.25 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने का काम किया है। 

पहली बार होगी भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 मैचों की सीरीज 

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 5 टी20 मुकाबले ही हुए हैं। लेकिन आपसी सीरीज के लिए पहली बार ये दोनों आमने सामने होने जा रहे हैं। इनमें से चार में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है, वहीं एक मैच जो एशियन गेम्स में खेला गया था, वो बराबरी पर खत्म हुआ था, क्योंकि बारिश हो गई थी। इन सभी मुकाबलों में दोनों टीमों की ओर से सबसे ज्यादा रन इन्हीं तीन बल्लेबाजों ने बनाए हैं। इसके बाद नंबर चार पर नाम आता है अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी का, जिनके बल्ले से चार मैचों में 73 रन आए हैं। देखना होगा कि जब पहले मुकाबले में 11 जनवरी को मोहाली में इन दोनों टीमों के बीच टक्कर होगी तो कौन सी टीम बाजी मारती है। 

इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें 

बाबर आजम को एक और झटका, शाहीन अफरीदी ने कप्तान बनते ही लिया बड़ा फैसला

संजू सैमसन के लिए मौका, क्या टी20 विश्व कप 2024 खेलेंगे!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल