दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर मुकाबला खेलते हुए पहले बल्लेबाजी करने के साथ 20 ओवर्स में 2 विकेट के नुकसान पर 264 रनों का स्कोर बनाया है। दिल्ली कैपिटल्स टीम का ये आईपीएल इतिहास में अभी तक का सबसे बड़ा स्कोर है। दिल्ली के लिए इस मैच में उनके स्टार ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने अपने आईपीएल करियर का छठा शतक लगाने के साथ इस मुकाबले में 67 गेंदों में 16 चौके और 9 छक्कों की मदद से 152 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी खेली। इसी के साथ राहुल ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए, जिसमें वह आईपीएल इतिहास में अब तक के सिर्फ तीसरे ऐसे खिलाड़ी बने हैं जो 150 या उससे अधिक का स्कोर किसी मुकाबले में बनाने में कामयाब हो सके हैं।
राहुल ने अभिषेक शर्मा के रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
आईपीएल में भारतीय खिलाड़ी के तौर पर अब सबसे ज्यादा निजी रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम पर दर्ज हो गया है। इस मैच से पहले ये रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम पर था, जिन्होंने साल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 141 रनों की पारी खेली थी। अब राहुल ने अभिषेक के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त करने के साथ 152 रनों की नाबाद पारी के साथ आईपीएल में भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा निजी रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं आईपीएल इतिहास में केएल राहुल अब क्रिस गेल और ब्रैंडन मैकुलम के बाद सिर्फ तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी मैच में 150 या उससे अधिक रनों का आंकड़ा पारा करने में कामयाब हो सके हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा निजी रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी
- क्रिस गेल - 175 रन बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया (साल 2013)
- ब्रैंडन मैकुलम - 158 रन बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (साल 2008)
- केएल राहुल - 152 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2026)
- अभिषेक शर्मा - 141 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2025)
- क्विंटन डी कॉक - 140 रन बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (साल 2022)
टी20 क्रिकेट में इस मामले में बने सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी
केएल राहुल अब टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से सिर्फ दूसरे खिलाड़ी ऐसे हैं जो 150 या उससे अधिक रन किसी मैच में बनाने वाले अब तक के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। केएल राहुल से पहले ये कारनामा सिर्फ तिलक वर्मा ने किया था, जिसमें उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में साल 2024 में मेघालय के खिलाफ मैच में 151 रनों की पारी खेली थी।
सबसे ज्यादा निजी रनों की पारी टी20 फॉर्मेट में खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी
- केएल राहुल - 152 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2026)
- तिलक वर्मा - 151 रन बनाम मेघालय (साल 2024)
- अभिषेक शर्मा - 148 रन बनाम बंगाल (साल 2025)
- श्रेयस अय्यर - 147 रन बनाम सिक्किम (साल 2019)
- पुनीत बिष्ट - 146 रन बनाम मिजोरम (साल 2021)
ये भी पढ़ें
केएल राहुल का धमाकेदार शतक, क्रिस गेल और रोहित शर्मा की कर ली बराबरी
राहुल और नितीश ने तोड़ा 15 साल पुराना रिकॉर्ड, दिल्ली कैपिटल्स के लिए बन गई इस मामले में अव्वल जोड़ी