मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने अपने खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने सालाना कॉन्ट्रैक्ट लागू करने का फैसला किया है, जो 2026-2027 सीजन से प्रभावी होगा। MCA अपने कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम के तहत प्लेयर्स के लिए तीन कैटेगरी ग्रेड A, B और C शुरू करने का फैसला किया है। मुंबई क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों को इन 3 अलग-अलग ग्रेड में बांटा जाएगा और उसके अनुसार साल के लिए एक तय रकम मिलेगी।
कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम के तहत प्लेयर्स की को कितनी सैलरी मिलेगी?
MCA द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक ग्रेड A के खिलाड़ियों को 12 लाख से 20 लाख रुपये के बीच सालाना पेमेंट मिलेगा। ग्रेड B के क्रिकेटरों को 8 लाख से 12 लाख रुपये का पेमेंट किया जाएगा, जबकि ग्रेड C के खिलाड़ियों को हर साल 8 लाख रुपये मिलेंगे। MCA के प्रेसिडेंट अजिंक्य नाइक का कहना है कि उन्होंने पहले वादा किया था कि MCA कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम लागू करेगा और उन्होंने पिछली एपेक्स काउंसिल मीटिंग में इसे फाइनल कर दिया है। इस पर बहुत सोच-विचार किया गया है और हर पहलू को शामिल करने की कोशिश की है। सभी खिलाड़ियों को IPL में खेलने का मौका नहीं मिलता। यह कॉन्ट्रैक्ट आज के समय के उन कई खिलाड़ियों की मदद करेगा जो मुंबई के लिए खेल के सभी फॉर्मेट खेलते हैं।
कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में शामिल होने के लिए प्लेयर्स को क्या करना होगा?
MCA अपने खिलाड़ियों के लिए कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम शुरू करने वाला पहला स्टेट एसोसिएशन बन गया है। हालांकि एसोसिएशन ने प्लेयर्स को इस कॉन्ट्रैक्ट में शामिल करने के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। कॉन्ट्रैक्ट में शामिल होने के लिए प्लेयर को MCA के साथ रजिस्टर्ड होना चाहिए और उन्हें एसोसिएशन द्वारा तय किए गए न्यूनतम फिटनेस स्टैंडर्ड को भी पूरा करना होगा। इसमें उन्हीं प्लेयर्स को जगह मिलेगी जिन्होंने पिछले दो सीजन में किसी भी फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व न किया हो। इसमें उन प्लेयर्स को जगह मिलेगी जिसे पिछले दो सीजन में किसी भी IPL टीम द्वारा नहीं चुना गया है।
प्लेयर्स को अलग से मिलेगी मैच फीस
आपको बता दें कि ये कॉन्ट्रेक्ट खिलाड़ियों को मिलने वाली मैच फीस से अलग है। यानि उन्हें रणजी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेले जाने वाले मुकाबलों की फीस अलग से दी जाएगी। मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाले कई खिलाड़ी, जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, किसी भी IPL टीम का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें कुछ स्थिरता प्रदान करने के लिए MCA ने इस नए कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को शुरू करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें
Quinton de Kock ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच ठोकी सेंचुरी, राहुल-संजू वाले स्पेशल क्लब का बने हिस्सा