Mitchell Starc: IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स को बड़ी राहत तब मिली जब ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आखिरकार टीम से जुड़ गए। लेकिन फैंस के लिए हैरानी की बात यह रही कि टीम में शामिल होने के बावजूद वह पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नहीं उतरे।
दरअसल, स्टार्क पिछले कुछ समय से कंधे और कोहनी की चोट से जूझ रहे थे, जिस पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया लगातार नजर बनाए हुए था। फिटनेस में सुधार के बाद उन्हें हाल ही में IPL 2026 में खेलने की अनुमति मिली और वह लगभग एक महीने बाद दिल्ली कैपिटल्स के कैंप से जुड़े। हालांकि, टीम से जुड़ने के बावजूद स्टार्क अभी पूरी तरह मैच फिट नहीं हैं। इसी कारण उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में वापसी कर सकते हैं।
स्टार्क ने स्टार्ट की प्रैक्टिस
स्टार्क ने भारत पहुंचकर परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने के लिए अभ्यास भी शुरू कर दिया है और वह टीम के साथ यात्रा करते हुए नजर आए। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी ने शानदार प्रदर्शन किया है और फिलहाल वही गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में स्टार्क सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह बनाते हैं या नहीं।
टॉस जीतकर दिल्ली ने चुनी बल्लेबाजी
इस मैच में अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मैच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतने के बाद अक्षर पटेल ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच थोड़ी सूखी दिख रही है और यह दिन का मैच है, साथ ही काफी गर्मी भी है। इसलिए हम पहले अच्छा स्कोर बनाना चाहते हैं और फिर उसे डिफेंड करने की कोशिश करेंगे। जैसा कि पिच दिख रही है, बाद में यह थोड़ी धीमी हो सकती है और गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। इसलिए हम पहले बड़ा स्कोर बनाकर गेंदबाजों को मौका देना चाहते हैं कि वे पिच से मिलने वाली मदद का फायदा उठा सकें।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जेनसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसंका, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, लुंगी एंगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।
यह भी पढ़ें:
RCB ने चिन्नास्वामी में पूरी की स्पेशल फिफ्टी, MI-CSK वाले क्लब में शामिल हुआ नाम