साउथ अफ्रीका की टीम ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के खिताब को अपने नाम करने के साथ इतिहास रचने का काम किया। लॉर्ड्स के मैदान पर खेले खिताबी मैच में अफ्रीकी टीम की भिड़ंत डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से थी जिसमें उन्होंने 5 विकेट से जीत हासिल की और 27 साल के लंबे इंतजार के बाद अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी भी जीती। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को भले ही हार का सामना करना पड़ा लेकिन तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क गेंद से एक खास कमाल करने में जरूर कामयाब हो गए।
आईसीसी नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने मिचेल स्टार्क
मिचेल स्टार्क ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दोनों पारियों में मिलाकर कुल 5 विकेट हासिल किए जिसमें पहली पारी में वह जहां 2 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे तो वहीं दूसरी पारी में स्टार्क ने कुल 3 विकेट हासिल किए। इसी के साथ अब मिचेल स्टार्क आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए हैं, जिसमें उन्होंने मोहम्मद शमी, ग्लेन मैक्ग्रा और मुथैया मुरलीधरन को एक झटके में पीछे छोड़ने का काम किया है। स्टार्क के नाम जहां कुल 25 विकेट दर्ज हैं तो वहीं उनके बाद दूसरे नंबर पर मुथैया मुरलीधरन का नाम है जिन्होंने कुल 23 विकेट हासिल किए हैं।
ICC नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज
- मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) - 25 विकेट
- मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) - 23 विकेट
- ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) - 22 विकेट
- मोहम्मद शमी (भारत) - 22 विकेट
- पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया) - 20 विकेट
एडन मारक्रम की शतकीय पारी पड़ी ऑस्ट्रेलिया पर भारी
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साउथ अफ्रीका को फाइनल मुकाबले की चौथी पारी में जीत हासिल करने के लिए 282 रनों का टारगेट दिया था, जिसमें उन्होंने 70 के स्कोर तक अफ्रीकी टीम के 2 विकेट भी गिरा लिए थे, लेकिन इसके बाद एडन मारक्रम और टेम्बा बावुमा के बीच हुई तीसरे विकेट के लिए 147 रनों की साझेदारी ने इस मैच को पूरी तरह से ऑस्ट्रेलियाई टीम की पकड़ से दूर कर दिया। मारक्रम के बल्ले से 136 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली जिसमें वह आईसीसी फाइनल मैच में शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी भी बन गए।
ये भी पढ़ें
लॉर्ड्स में पीछे छूट गए अजीत अगरकर और वीवीएस लक्ष्मण, साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने कर दिया कमाल