Sunday, February 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रीयल मैड्रिड का मैच देखने स्पेन जा रहे थे सिराज, फिर सूर्या के कॉल ने T20 वर्ल्ड कप में पहुंचा दिया

रीयल मैड्रिड का मैच देखने स्पेन जा रहे थे सिराज, फिर सूर्या के कॉल ने T20 वर्ल्ड कप में पहुंचा दिया

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान हुआ था, तो टीम में सिराज का नाम शामिल नहीं था। हालांकि, टूर्नामेंट से ठीक पहले सिराज की किस्मत खुल गई और उन्हें वर्ल्ड कप टीम में शामिल कर लिया गया।

Written By: Vanson Soral @VansonSoral
Published : Feb 08, 2026 01:11 pm IST, Updated : Feb 08, 2026 01:11 pm IST
Mohammed Siraj - India TV Hindi
Image Source : PTI मोहम्मद सिराज

मोहम्मद सिराज ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, मोहम्मद सिराज वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन फिर एक फोन कॉल ने उन्हें वर्ल्ड कप में खेलने का बेहतरीन चांस दिला दिया। दरअसल, सिराज स्पेन में फुटबॉल क्लब रीयल मैड्रिड का मैच देखने का सपना देख रहे थे। सिराज को शायद खुद भी अंदाजा नहीं था कि अचानक एक फोन कॉल उनकी पूरी प्लानिंग बदल देगा और वह सीधे वर्ल्ड कप के मैदान में उतर जाएंगे।

मोहम्मद सिराज को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में आखिरी समय पर शामिल किया गया। वह 15 फरवरी को रीयल मैड्रिड और रीयल सोसिदाद के बीच होने वाला मुकाबला देखने स्पेन जाने की तैयारी में थे। लेकिन तभी भारतीय T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया और सिराज की जिंदगी का रुख बदल गया।

लगा सपना देख रहा हूं

घुटने में चोट के चलते युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद सिराज को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया। यह कॉल इतना अचानक था कि सिराज को यकीन ही नहीं हुआ। उन्होंने मजाक में सूर्यकुमार से कह दिया कि वह मजाक करना बंद करें।

भारत के लिए पहले ही मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने के बाद सिराज ने अपनी कहानी साझा करते हुए कहा कि जब मैं फ्लाइट में बैठा था तो उन्हें लगा कि वह सपना देख रहे हैं। उन्होंने सोचा भी नहीं था कि वह वर्ल्ड कप का हिस्सा बनेंगे। परिवार के साथ समय बिता रहा था, तभी अचानक सूर्या का फोन आया। उन्होंने कहा- ‘मियां, रेडी हो जा, बैग पैक कर ले।’ तो उन्होंने जवाब दिया - मजाक मत करो।

गेंद से मचाया कहर

USA के खिलाफ मुकाबले में सिराज ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में खतरनाक एंड्रीज गौस को आउट किया। दूसरे ओवर में साईतेजा मुक्कामल्ला को पवेलियन भेजा और आखिरी ओवर में विकेट लेकर 4 ओवर में 3/29 का शानदार स्पैल पूरा किया। सिराज ने कहा कि उन्हें पता था कि नई गेंद पर रन बनाना आसान नहीं होगा और वही हुआ।

सिराज ने यह भी खुलासा किया कि टीम में चुने जाने के बावजूद उनका खेलना तय नहीं था। जसप्रीत बुमराह के बीमार होने के कारण ही उन्हें USA के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में मौका मिला। सिराज ने कहा कि पहले उन्हें नहीं पता था कि वह खेलेंगे। जब सुबह मैसेज आया कि वह प्लेइंग इलेवन में हैं, तो बहुत खुशी हुई।

रियल मैड्रिड का मैच देखने का सपना फिलहाल टला

सिराज ने हंसते हुए बताया कि उनका प्लान रीयल मैड्रिड का मैच देखने का था। उन्होंने कहा कि 15 तारीख को रियल मैड्रिड का मैच देखने का प्लान था, रमजान भी चल रहा था। लेकिन भगवान की मर्जी, जो होना होता है, वही होता है। आखिर में सिराज ने कहा कि उन्होंने मैच से पहले पूरी तैयारी की। वह दोपहर 3 बजे आए और वीडियो प्लान देखे। बड़े मैच में बिना तैयारी नहीं खेल सकते। ये वर्ल्ड कप है। उन्हें पता था कि किस लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करनी है।

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement