1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup 2026: डिफेंडिंग चैंपियन ने किया स्क्वाड का ऐलान, टूर्नामेंट के बाद ये 3 दिग्गज लेंगी संन्यास

T20 World Cup 2026: डिफेंडिंग चैंपियन ने किया स्क्वाड का ऐलान, टूर्नामेंट के बाद ये 3 दिग्गज लेंगी संन्यास

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 29, 2026 07:05 am IST,  Updated : Apr 29, 2026 07:08 am IST

न्यूजीलैंड की टीम ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में इस बार खिताब बचाने के साथ-साथ अपने दिग्गज खिलाड़ियों को यादगार विदाई देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

New Zealand - India TV Hindi
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम Image Source : AFP

ICC Women's T20 World Cup 2026: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम में युवा जोश और अनुभवी खिलाड़ियों का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा, जहां एक तरफ नई खिलाड़ी पहली बार वर्ल्ड कप खेलेंगी, वहीं दूसरी ओर कुछ दिग्गज इस टूर्नामेंट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। न्यूजीलैंड की कप्तानी अमेलिया केर के हाथों में होगी, जो 2024 वर्ल्ड कप में 15 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रही थीं। टीम में 2024 की चैंपियन स्क्वॉड के 10 खिलाड़ी शामिल हैं, जो खिताब बचाने के इरादे से इंग्लैंड पहुंचेंगे।

इस बार ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर नेंसी पटेल और बल्लेबाज इजी शार्प को पहली बार वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा। नेंसी पटेल ने इसी साल फरवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 इंटरनेशनल डेब्यू करते हुए दूसरे ही मैच में 3 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। वहीं, 21 साल की इजी शार्प टीम की सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2023 में U19 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की कप्तानी की थी और अब सीनियर वर्ल्ड कप में डेब्यू के लिए तैयार हैं। 2025-26 सुपर स्मैश में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे।

इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहेंगी 3 खिलाड़ी

इस वर्ल्ड कप के साथ न्यूजीलैंड की दो बड़ी खिलाड़ी सोफी डिवाइन और लिया ताहुहु अपने T20 करियर को अलविदा कह देंगी। दोनों ने पहले ही ODI क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और अब यह टूर्नामेंट उनका आखिरी इंटरनेशनल अभियान होगा। वहीं अनुभवी बल्लेबाज सुजी बेट्स भी इस टूर्नामेंट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहेंगी।

टीम के स्पिन विभाग में कप्तान केर के साथ सुजी बेट्स, फ्लोरा डेवोनशायर और नेंसी पटेल शामिल हैं, जो इंग्लैंड की परिस्थितियों में अहम भूमिका निभा सकते हैं। न्यूजीलैंड को ग्रुप-2 में इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के साथ रखा गया है। टीम टूर्नामेंट से पहले 6 और 9 जून को बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी।

T20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड का शेड्यूल

  • वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड, 14 जून, साउथैम्पटन
  • न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, 17 जून, साउथैम्पटन
  • न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड, 20 जून, साउथैम्पटन
  • न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड, 23 जून, ब्रिस्टल
  • इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड,  28 जून, द ओवल

ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: अमेलिया केर (कप्तान), सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन, फ्लोरा डेवोनशायर, इजी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रूक हॉलिडे, ब्री इलिंग, पॉली इंग्लिस, जेस केर, रोजमेरी मेयर, नेंसी पटेल, जॉर्जिया प्लिमर, इजी शार्प, लिया ताहुहु।

यह भी पढ़ें:

IPL 2026: पंजाब की पहली हार के बाद बदली पॉइंट्स टेबल, RR ने लगाई छलांग

IPL 2026 Playoffs Scenario: दो टीमों की एंट्री पक्की, इनका बाहर होना तय, कौन अगर- मगर में फंसा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल