पाकिस्तान से बड़ी खबर आई है। पाकिस्तान में T20I ट्राई सीरीज का आयोजन होने जा रहा है। दिलचस्प बात ये है कि पाकिस्तान में पहली बार T20I ट्राई सीरीज का आयोजन होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने घोषणा की है कि वह पहली बार T20I ट्राई सीरीज की मेजबानी करेगा। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी। यह सीरीज 17 से 29 नवंबर तक आयोजित होगी। यह ट्राई सीरीज अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए आयोजित की जा रही है।
पाकिस्तान में पहली बार T20I खेलेगी अफगान टीम
सीरीज की शुरुआत 17 नवंबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले से होगी। यह अफगानिस्तान का पाकिस्तान की सरजमीं पर पहला T20I मैच होगा। इससे पहले अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में 5 वनडे खेले हैं, जिनमें आखिरी मैच इस साल फरवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ICC चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान हुआ था।
19 नवंबर को रावलपिंडी में श्रीलंका और अफगानिस्तान आमने-सामने होंगी। इसके बाद फाइनल समेत बाकी के पांच मुकाबले लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे। फाइनल 29 नवंबर को होगा। इससे पहले, पाकिस्तान अक्टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका की मेजबानी करेगा। यह सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी, जिसमें दो टेस्ट मैच शामिल होंगे। इसके अलावा 12 अक्टूबर से 8 नवंबर तक तीन T20I और तीन ODI मैच भी खेले जाएंगे।
पाकिस्तान बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने में सक्षम
पीसीबी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमैर अहमद सैयद ने कहा कि हम पाकिस्तान की पहली T20I ट्राई सीरीज की मेजबानी को लेकर उत्साहित हैं। यह आयोजन न सिर्फ टीमों के लिए T20 वर्ल्ड कप की तैयारी का बेहतरीन मौका है, बल्कि फैन्स को रोमांचक क्रिकेट भी देखने को मिलेगा। इस साल PCB ने सफलतापूर्वक ICC चैंपियंस ट्रॉफी और ICC विमेंस वर्ल्ड कप क्वालिफायर का आयोजन किया था। ये उपलब्धियां दिखाती हैं कि हम लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने में सक्षम हैं।
T20I ट्राई सीरीज का शेड्यूल (पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका)
- 17 नवंबर – पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान, रावलपिंडी
- 19 नवंबर – श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, रावलपिंडी
- 22 नवंबर – पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, लाहौर
- 23 नवंबर – पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान, लाहौर
- 25 नवंबर – श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, लाहौर
- 27 नवंबर – पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, लाहौर
- 29 नवंबर – फाइनल, लाहौर