T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है। इस टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले श्रीलंका की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह 32 साल के गेंदबाज को टीम में शामिल किया गया है। मलिंगा कंधे की चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। वह हाल ही में खेली गई इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम का हिस्सा थे।
ICC ने ईशान मलिंगा को लेकर जारी किया आधिकारिक बयान
ICC ने अपने बयान में कहा कि ईशान मलिंगा रविवार, 1 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय T20I मैच खेलने के दौरान चोटिल हो गए थे और वह अब टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में मीडियम पेसर प्रमोद मदुशन को शामिल किया गया है। मदुशन ने 13 वनडे और 8 T20I मैच खेले हैं। मलिंगा पिछले एक साल में श्रीलंकाई गेंदबाजी का अहम हिस्सा बनकर सामने आए हैं। उन्होंने 2025 में आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रदर्शन किया था।
नवंबर 2025 में मलिंगा ने श्रीलंका के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया, तब से उन्होंने आठ मैच खेले और आठ विकेट हासिल किए हैं। प्रमोद मदुशन ने भी अभी तक आठ T20I मैच खेले हैं। उन्होंने 2022 में डेब्यू किया था और इस फॉर्मेट में अपना आखिरी मैच 2023 में खेला था। उन्होंने अब तक 12 विकेट लिए हैं।
श्रीलंका ने धनंजय डी सिल्वा को किया था टीम से बाहर
इससे पहले श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप के स्क्वॉड में एक और बड़ा बदलाव किया था। उन्होंने आउट ऑफ फॉर्म प्लेयर धनंजय डी सिल्वा को टीम से बाहर कर दिया है। उनकी जगह कामिंदु मेंडिस को शामिल किया गया है। इस वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका के सेलेक्टर्स ने एक मजबूत टीम का चयन किया है। ऐसे में आगामी वर्ल्ड कप में उनकी टीम कैसा प्रदर्शन करती है ये देखना अब दिलचस्प होगा।
आयरलैंड से होगा श्रीलंका का पहला मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। श्रीलंका की टीम अपने सभी मैच होम ग्राउंड पर खेलेगी। टूर्नामेंट में श्रीलंका अपने अभियान का आगाज 8 फरवरी को ऑयरलैंड के खिलाफ मैच के साथ करेगा। इसके बाद 12 फरवरी को श्रीलंका की टीम का सामना ओमान से होगा। इसके बाद फिर 16 फरवरी को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया का आमना-सामना होगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका का स्क्वॉड
श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चरिथ असलांका, जेनिथ लियानगे, पवन रत्नायके, वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे, महीश तीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, प्रमोद मदुशन
यह भी पढ़ें
विराट कोहली ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इंडिया को दी बधाई, लिखा - हमारा दबदबा जारी है
स्कॉटलैंड ने बांग्लादेश के घाव पर छिड़का नमक, टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होने से पहले आया बड़ा बयान