2026 के मार्च में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टेस्ट इतिहास का 150वां मैच खेला जाएगा। इस बड़े मैच से पहले इंग्लैंड की टीम अपनी तैयारी के लिए एक प्रैक्टिस मैच खेलेगी। यह मैच प्राइम मिनिस्टर XI (PM's XI) के खिलाफ होगा। इतिहास में पहली बार यह मैच कैनबरा के बजाय मेलबर्न के जंक्शन ओवल मैदान पर खेला जाएगा। 3 दिनों तक चलने वाला यह मुकाबला 4 से 6 मार्च तक फ्लडलाइट्स में खेला जाएगा।
डे-नाइट टेस्ट मैच की तैयारी करेगी इंग्लैंड की टीम
मेलबर्न के जंक्शन ओवल मैदान पर हाल ही में नई फ्लडलाइट्स लगाई गई है। इंग्लैंड की टीम इस अभ्यास मैच को खेलकर 11 मार्च से शुरू होने वाले डे-नाइट टेस्ट मैच की तैयारी करेगी। यह मैच इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की मांग पर कराया जा रहा है। इसके बदले में जब 2027 में ऑस्ट्रेलियाई टीम एशेज सीरीज के लिए इंग्लैंड जाएगी, तो उन्हें भी वहां एक अभ्यास मैच खेलने को मिलेगा। आपको बता दें कि इस ऐतिहासिक 150वें टेस्ट मैच में एशेज ट्रॉफी दांव पर नहीं लगी होगी।
150वें टेस्ट की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को मिलेगा कम समय
दोनों ही टीमों को इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच की तैयारी के लिए बहुत कम समय मिलेगा। एक तरफ ऑस्ट्रेलियाई टीम 3 मार्च को भारत में अपनी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म करके सीधे अपने देश लौटेगी। ऑस्ट्रेलिया का शेड्यूल इस दौरान काफी व्यस्त होने वाला है क्योंकि 11 महीनों में उन्हें कम से कम 20 टेस्ट मैच खेलने हैं। दूसरी तरफ, इंग्लैंड की टीम भी बांग्लादेश का दौरा खत्म करके सीधे ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगी। साल 2026-27 के सीजन में इंग्लैंड का यह दूसरा ऑस्ट्रेलिया दौरा होगा, क्योंकि इससे पहले वे नवंबर में भी 3 वनडे और 5 टी-20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगे।
कैनबरा को मिली है दो इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी
इस बार 'प्रधानमंत्री एकादश' (PM's XI) का मैच कैनबरा के मानुका ओवल मैदान पर नहीं हो रहा है, लेकिन वहां के क्रिकेट फैंस को निराश होने की जरूरत नहीं है। उनके लिए साल 2026-27 के सीजन में दो बड़े इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी कैनबरा को दी गई है। इसके तहत 2 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की मेंस टीमों के बीच एक रोमांचक टी-20 मैच खेला जाएगा। इसके बाद, 6 मार्च को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच एक वनडे मैच भी इसी मैदान पर होगा।
यह भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ी की होगी घर वापसी, 5 साल से नहीं मिला है मौका