भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी। इसके बाद वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भी टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी। अब इस मैच के बाद भारतीय ओपनर प्रतिका रावल पर एक्शन लिया गया। उन पर आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया। रावल पर दो अलग-अलग घटनाओं में लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया।
आईसीसी ने अपनी रिलीज में बताया है कि भारतीय सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को थोड़े अंतराल के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं के लिए दंडित किया गया। वह 18वें ओवर में एक रन लेते समय गेंदबाज लॉरेन फाइलर के साथ टकरा गई थीं, जिससे उन्हें बचना चाहिए था। अगले ओवर में आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय वह गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन के साथ भी टकरा गईं। इसी वजह से रावल के रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया, क्योंकि 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध था।
आईसीसी ने धीमी ओवर गति के लिए इंग्लैंड की टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है, क्योंकि उसने निर्धारित समय में एक ओवर कम किया था। प्रतिका रावल और इंग्लैंड की कप्तान नेट सेवियर-ब्रंट ने मैच रेफरी सारा बार्टलेट द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को स्वीकार कर लिया है, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।
पहले वनडे मैच में इंग्लैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 258 रन बनाए। इसके बाद भारतीय ने दीप्ति शर्मा, प्रतिका रावल (36 रन) और जेमिमा रोड्रिगेज (48 रन) की बेहतरीन पारियों के दम पर टारगेट को हासिल कर लिया था। दीप्ति ने 64 गेंदों में 62 रन बनाए थे। हरलीन देओल ने 27 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स के आगे इंग्लैंड की गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाईं। दीप्ति को अच्छे खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
यह भी पढ़ें:
साउथ अफ्रीका की टीम करेगी पाकिस्तान का दौरा, वर्ल्ड कप की तैयारियों पर रहेंगी नजरें
ENG vs PAK WCL 2025 Dream11 Prediction: इस खिलाड़ी को बनाएं कप्तान, ये 11 प्लेयर्स कर सकते हैं शामिल
संपादक की पसंद