इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 29वां लीग मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर के स्टेडियम में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी और उनकी तरफ से ओपनिंग बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की धमाकेदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला है। प्रियांश और कूपर दोनों ही इस मुकाबले में अपना शतक पूरा करने से काफी करीब से चूक गए लेकिन उन्होंने पारी के 13वें ओवर में जिस तरह से तबाही मचाई उसमें दोनों ने मिलकर गेंद को 5 बार स्टैंड में पहुंचाया जिसमें उस ओवर को फेंक रहे एडन मारक्रम के नाम पर भी एक शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।
प्रियांश-कोनोली ने मिलकर लगाए कुल 5 छक्के
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम ने पारी का 13वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी एडन मारक्रम को सौंपी, जिसकी पहली गेंद को कोनोली ने कवर की तरफ हवा में खेलते हुए छह रन के लिए पहुंचा दिया। दूसरी गेंद को कोनोली ने लॉन्ग ऑन की तरफ खेलने के साथ दूसरा छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर कूपर कोनोली ने सामने की तरफ हवा में शॉट लगाते हुए लगातार तीसरा छक्का लगा दिया। एडन मारक्रम लगातार तीन छक्के पड़ने के बाद काफी दबाव में दिखे और चौथी गेंद उन्होंने वाइड फेंक दी। मारक्रम ने फिर से जब चौथी लीगल गेंद फेंकी तो उसपर सिर्फ एक रन ही आया।
पांचवीं गेंद जिसका सामना प्रियांश आर्या कर रहे थे उन्होंने डीप मिडविकेट की तरफ शॉट खेलने के साथ गेंद को छक्के के लिए पहुंचा दिया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर प्रियांश आर्या ने सीधा शॉट मारने के साथ छक्का लगाने के साथ कुल 32 रन पूरे ओवर में बटोर लिए। इसी के साथ एडन मारक्रम अब आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए सबसे ज्यादा महंगा ओवर फेंकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें इससे पहले ये रिकॉर्ड रवि बिश्नोई के नाम पर था, जिन्होंने साल 2022 में आरसीबी के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में अपने एक ओवर में 27 रन दिए थे।
पंजाब किंग्स की तरफ से अब तक की सिर्फ तीसरी 150 प्लस रनों की साझेदारी
आईपीएल में पंजाब किंग्स पहले सीजन से इस टी20 लीग का हिस्सा है, लेकिन एकबार भी ट्रॉफी जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। हालांकि पिछले कुछ सीजन से उनका प्रदर्शन शानदार देखने को मिल रहा है। प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली के बीच में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में हुई दूसरे विकेट के लिए हुई 182 रनों की साझेदारी पंजाब किंग्स की तरफ से आईपीएल में ये अब तक की सिर्फ तीसरी 150 या उससे अधिक रनों की साझेदारी है।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी का शिकार करते ही वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बज गया डंका