1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Ranji Trophy 2022: सुवेद पार्कर की 252 रनों की पारी से मुंबई ने बनाया विशाल स्कोर, 28 साल पुराना रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा

Ranji Trophy 2022: सुवेद पार्कर की 252 रनों की पारी से मुंबई ने बनाया विशाल स्कोर, 28 साल पुराना रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Jun 07, 2022 06:19 pm IST,  Updated : Jun 07, 2022 06:26 pm IST

मुंबई के लिए 1994 में अमूल मजूमदार द्वारा बनाया गया 260 रनों का स्कोर किसी डेब्यूटेंट का सर्वाधिक स्कोर रहा है। वहीं ओवरऑल बिहार के सकीबुल गनी टॉप पर हैं।

सुवेद पार्कर ने 447...- India TV Hindi
सुवेद पार्कर ने 447 गेंदों पर खेली 252 रनों की पारी Image Source : TWITTER (BCCI DOMESTIC)

Highlights

  • रणजी 2022 क्वार्टर फाइनल में मुंबई ने उत्तराखंड के खिलाफ खड़ा किया 647 रनों का स्कोर
  • सुवेद पार्कर ने सरफराज खान के साथ की 267 रनों की साझेदारी
  • सकीबुल गनी के नाम है रणजी डेब्यू में सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड

रणजी ट्रॉफी 2022 (Ranji Trophy 2022) के क्वार्टरफाइनल में मुंबई ने दूसरे दिन 647 रनों के विशाल स्कोर पर उत्तराखंड के खिलाफ अपनी पहली बारी घोषित की। मुंबई के लिए इस पारी में डेब्यूटेंट सुवेद पार्कर का अहम योगदान रहा जिन्होंने 252 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा युवा भारतीय सरफराज खान ने भी 153 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। पार्कर अपनी इस पारी में एक 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से 8 रन पीछे रह गए और रन आउट हुए।

इस मुकाबले में अपना डेब्यू कर रहे सुवेद पार्कर के दोहरे शतक और सरफराज खान के साथ उनकी 267 रनों की साझेदारी से मुंबई ने दूसरे दिन पहली पारी आठ विकेट पर 647 रन बनाकर घोषित की। इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उत्तराखंड का स्कोर था दो विकेट पर 39 रन। उत्तराखंड अभी भी मुंबई के पहाड़ जैसे स्कोर से 608 रन पीछे है। इससे पहले मुंबई के लिए सुवेद पार्कर ने अपनी पारी में 447 गेंद खेलते हुए 21 चौकों और चार छक्कों की मदद से 252 रन बनाए।

रिकॉर्ड पारी में 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से चूके पार्कर

सुवेद पार्कर के रन आउट होते ही मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने पारी घोषित कर दी। पार्कर का यह स्कोर डेब्यू करते हुए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। जबकि सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड भारत और बिहार के सकीबुल गनी के नाम है जिन्होंने इसी साल पहले चरण में (फरवरी में) मिजोरम के खिलाफ 341 रन बनाए थे। पार्कर का यह स्कोर डेब्यू करते हुए मुंबई के किसी बल्लेबाज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। पार्कर अपने कोच अमोल मजूमदार के 1994 में हरियाणा के खिलाफ बनाए 260 रन के रिकॉर्ड से पीछे रहे। 

मुंबई के 647 रनों के जवाब में उत्तराखंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान जय बिस्टा (00) और मयंक मिश्रा (04) के विकेट गंवाकर 39 रन बनाए। बिस्टा को तुषार देशपांडे (13 रन पर एक विकेट) ने अपनी मैच की पहली गेंद पर विकेटकीपर आदित्य तारे के हाथों कैच कराया जबकि मिश्रा ने मोहित अवस्थी (12 रन पर एक विकेट) की गेंद पर देशपांडे को कैच थमाया। स्टम्प्स तक सलामी बल्लेबाज कमल सिंह 27 जबकि कुणाल चंदेला आठ रन बनाकर खेल रहे थे। 

कैसा रहा दूसरे दिन का खेल?

रणजी ट्रॉफी 2022 के इस क्वार्टर फाइनल मैच में मुंबई ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 304 रन से की थी। पार्कर 104 जबकि सरफराज 69 रन से आगे खेलने उतरे। दोनों ने दिन के शुरुआती 30 ओवर में उत्तराखंड के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा और इस दौरान टीम का स्कोर 450 रन के करीब पहुंचाया। सरफराज ने 97वें ओवर में आकाश मधवाल पर दो चौके और एक छक्के के साथ 140 गेंद में शतक पूरा किया। 

आईपीएल 2022 में फ्लॉप, अब इस खिलाड़ी जड़ दिया ताबड़तोड़ शतक

सरफराज ने अगले 53 रन सिर्फ 64 गेंद में जोड़े। मयंक मिश्रा ने सरफराज को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। अग्रिम तिवारी (01) ने अगले ओवर में तारे (01) को पवेलियन की राह दिखाई। पार्कर और मुलानी ने इसके बाद शतकीय साझेदारी करके टीम को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया। पार्कर ने स्वप्निल सिंह पर एक रन के साथ 375 गेंद में दोहरा शतक पूरा किया। कमल सिंह ने मुलानी को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। 

स्वप्निल ने तनुष कोटियान (28) को आउट किया। पार्कर ने दीपक धापोला की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 250 रन के स्कोर को पार किया लेकिन इसके बाद रन आउट हो गए। उत्तराखंड की ओर से धापोला सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 89 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अब देखना होगा कि तीसरे दिन उत्तराखंड की टीम कुछ हद तक इस मुकाबले में वापसी कर पाती है या फिर मुंबई विरोधी टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर करती है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल