1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा के निशाने पर दुनिया का सबसे बड़ा रिकॉर्ड, क्या एशिया कप में हिटमैन कर पाएंगे यह करिश्मा?

रोहित शर्मा के निशाने पर दुनिया का सबसे बड़ा रिकॉर्ड, क्या एशिया कप में हिटमैन कर पाएंगे यह करिश्मा?

 Written By: Priyam Sinha
 Published : Sep 08, 2023 04:48 pm IST,  Updated : Sep 08, 2023 04:48 pm IST

रोहित शर्मा को एशिया कप 2023 में अभी कम से कम तीन मैच खेलने हैं अगर बारिश खलल नहीं डालती है तो। टीम इंडिया सुपर 4 में पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश का सामना करेगी।

Rohit Sharma- India TV Hindi
Rohit Sharma Image Source : AP

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा एक बड़ा कारनामा करने की दहलीज पर पहुंच गए हैं। यह दुनिया का एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसके बारे में सोचना भी काफी मुश्किल है। ऐसा इसलिए क्योंकि अभी नंबर एक पर जो क्रिकेटर काबिज है वो रोहित शर्मा को छोड़कर हर किसी से काफी आगे हैं। वहीं एक्टिव क्रिकेटरों की बात करें तो रोहित शर्मा तो उस रिकॉर्ड को तोड़ने की दहलीज पर हैं लेकिन उनके अलावा जोस बटलर और विराट कोहली का अंतर 200 से भी अधिक का है। दरअसल यह रिकॉर्ड है इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्कों का जिसमें हिटमैन अब क्रिस गेल की बादशाहत खत्म करने के बेहद नजदीक हैं। 

मौजूदा एशिया कप के दूसरे लीग मैच में रोहित शर्मा ने नेपाल के खिलाफ 59 गेंदों पर नाबाद 74 रनों की पारी खेली। इस पारी में रोहित ने कुल 5 छक्के लगाए थे। इसी के साथ अब उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 539 छक्के हो गए। वहीं नंबर एक पर काबिज क्रिस गेल ने अपने पूरे इंटरनेशनल करियर में 553 छक्के लगाए थे। यानी हिटमैन इस बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने से महज 15 छक्के दूर हैं। क्रिस गेल इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। यानी अभी रोहित शर्मा के पास वक्त काफी है। लेकिन फैंस को उम्मीद होगी कि रोहित एशिया कप 2023 में ही यह करिश्मा करके बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लें।

सबसे ज्यादा इंटरनेशनल छक्के (टॉप 5 खिलाड़ी)

  1. क्रिस गेल- 553 छक्के (551 पारी)
  2. रोहित शर्मा- 539 छक्के (467 पारी, अभी तक)
  3. शाहिद अफरीदी- 476 छक्के (508 पारी)
  4. ब्रेंडन मैकुल्लम- 398 छक्के (474 पारी)
  5. मार्टिन गुप्टिल- 383 छक्के (402 पारी)

एशिया कप 2023 में अभी टीम इंडिया को कम से कम तीन मुकाबले खेलने हैं। सुपर 4 में टीम इंडिया 10 सितंबर को पाकिस्तान, 12 सितंबर को श्रीलंका और 15 सितंबर को बांग्लादेश का सामना करेगी। अगर फाइनल में जाती है तो टीम के पास कुल 4 मैच हो जाएंगे। यानी 3-4 मैचों में 15 छक्के रोहित को लगाने होंगे अगर उन्हें एशिया कप में ही यह बड़ा रिकॉर्ड बनाना है। वरना 22 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज तक तो जहां तक रोहित यह रिकॉर्ड अपने नाम कर ही लेंगे। वह इस साल 1008 रनों के साथ सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले कप्तान भी हैं। उनका हालिया प्रदर्शन बेहद शानदार नहीं तो खराब भी नहीं रहा है। उन्होंने कुछ-कुछ मैचों में रन बनाए हैं और अच्छी पारियां खेली हैं। अब देखना होगा कितनी जल्दी वह इस महारिकॉर्ड को अपने नाम कर पाते हैं।

यह भी पढ़ें:-

भारत के खिलाफ नहीं खेल पाएगा यह खतरनाक खिलाड़ी! फिट होने में लग सकता है इतना समय

विश्व कप 2023 से पहले एक और टीम इंडिया का ऐलान, क्या होगा बदलाव!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल