भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का आखिरकार ऐलान कर दिया गया। मुंबई में 25 नवंबर को हुए एक कार्यक्रम के दौरान आईसीसी ने शेड्यूल का खुलासा किया जिसमें पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा तो वहीं फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार भी कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनको 5-5 के चार ग्रुप में बांटा गया है। इसमें एक नाम इटली का भी शामिल है जो पहली बार आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अपनी जगह को पक्की करने में कामयाब हो सकी है। वहीं इटली की टीम को लेकर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का भी बड़ा बयान सामने आया है।
मैं इटली की टीम को देखकर हैरान हूं
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आईसीसी ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और साल 2024 में अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को इस ट्रॉफी को जिताने वाले रोहित शर्मा को ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर नियुक्त किया है। मुंबई में हुए कार्यक्रम के दौरान रोहित शर्मा ने टूर्नामेंट को लेकर पूछे गए कई सवालों का जवाब दिया जिसमें उन्होंने इस बात को माना कि जितनी भी टीमें हिस्सा ले रही हैं वह सब काफी अच्छी हैं और आप किसी को भी हल्के में लेने की भूल नहीं कर सकते हैं। रोहित ने इटली की टीम को लेकर कहा कि मैं उन्हें देखकर काफी हैरान हूं। उम्मीद है कि यूरोप, अफ्रीका और साउथ ईस्ट एशिया से भी कई टीमें आने वाले समय में देखने को मिलेंगी जो इस खेल के लिए एक बड़ी चीज रहने वाली है।
उम्मीद करता हूं कि इस बार हम फिर से ट्रॉफी जीतेंगे
रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कार्यक्रम के दौरान कहा कि उम्मीद करता हूं कि पिछले साल जिस तरह से हमारी टीम ने मैदान पर अपने खेल का जादू दिखाया था इस बार भी ये प्लेयर उसे कर पाएंगे। आईसीसी की ट्ऱॉफी जीतना कभी आसान नहीं होता है मैं अपने 18 साल के करियर में अभी तक 2 ट्रॉफी जीतने में कामयाब हो सका हूं। बता दें कि टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 7 फरवरी को यूएसए की टीम के खिलाफ खेलेगी, वहीं 15 फरवरी को उनका सामना पाकिस्तान की टीम से होगा। अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कोई भी टीम अपने टाइटल को डिफेंड करने में कामयाब नहीं हो पाई है।
ये भी पढ़ें
'बहुत बड़े सम्मान की बात', T20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा बनने पर बोले रोहित शर्मा