पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर चर्चा में है। वजह है कप्तानी। दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को ODI टीम की कप्तानी से हटा दिया गया है और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को नया कप्तान नियुक्त किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह घोषणा रावलपिंडी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट मैच के पहले दिन के बाद की।
33 साल के रिजवान और 25 साल के अफरीदी दोनों इस समय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। हालांकि, PCB ने रिजवान को हटाने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई और न ही अपने बयान में उनका नाम शामिल किया। बोर्ड ने बताया कि यह फैसला इस्लामाबाद में सिलेक्शन कमेटी और व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन की बैठक के बाद लिया गया।
पिछले हफ्ते PCB ने एक बयान जारी किया था जिसमें रिजवान को कप्तान के रूप में जारी रखने की पुष्टि नहीं की गई थी। इसके बजाय बोर्ड ने बताया था कि कोच हेसन ने PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से नई कप्तानी को लेकर सलाहकार समिति की बैठक बुलाने को कहा है। जानकारी के मुताबिक, यह निर्णय सिर्फ कोच की सिफारिश नहीं थी बल्कि PCB के शीर्ष स्तर पर भी इसे समर्थन मिला था।
कप्तान के रूप में शाहीन की वापसी
शाहीन अफरीदी के लिए यह दूसरी बार मौका है जब वे व्हाइट-बॉल टीम की कमान संभालेंगे। इससे पहले उन्हें जनवरी 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था, लेकिन पाकिस्तान उस सीरीज में 1-4 से हार गया था। इसके बाद अफरीदी की जगह बाबर आजम को फिर से कप्तान नियुक्त किया गया था।
रिजवान ने पिछले साल ODI टीम की कमान संभाली थी और तब से अब तक उन्होंने औसतन लगभग 42 की बल्लेबाजी औसत से रन बनाए हैं। उन्होंने 2024 में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में सीरीज जीतकर टीम को सफलता दिलाई थी, लेकिन इस साल घरेलू चैंपियंस ट्रॉफी में पहले राउंड में ही टीम के बाहर होने से उनकी कप्तानी पर सवाल उठने लगे थे।
शानदार फॉर्म में अफरीदी
शाहीन अफरीदी ने पिछले साल पाकिस्तान के लिए ODI में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान की सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। 2023 वर्ल्ड कप के बाद से अब तक किसी भी फुल मेंबर टीम के तेज गेंदबाजों में शाहीन के 45 विकेट सबसे ज्यादा हैं। रावलपिंडी में जारी टेस्ट सीरीज के बाद पाकिस्तान शाहीन अफरीदी की कप्तानी में व्हाइट-बॉल सीरीज खेलेगा। यह सीरीज अगले महीने फैसलाबाद में खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें
वनडे सीरीज के बीच इस टीम को लगा बड़ा झटका, धाकड़ गेंदबाज हुआ बाहर
रोहित-विराट वाली लिस्ट में शामिल हुआ जोस बटलर का नाम, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पांचवें प्लेयर