1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सर डॉन ब्रैडमैन की ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप होगी नीलाम, भारत से है खास कनेक्शन

सर डॉन ब्रैडमैन की ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप होगी नीलाम, भारत से है खास कनेक्शन

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 30, 2025 06:42 am IST,  Updated : Dec 30, 2025 06:43 am IST

दुनिया के महानतम क्रिकेट खिलाड़ी सर डोनाल्ड ब्रैडमैन द्वारा पहनी गई एक मशहूर बैगी ग्रीन कैप के ऑक्शन में करोड़ों में बिकने की उम्मीद है।

Don Bradman baggy green cap- India TV Hindi
डॉन ब्रैडमैन Image Source : PTI

क्रिकेट जगत के महानतम खिलाड़ियों में शुमार सर डॉन ब्रैडमैन की पहनी हुई एक ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप अगले महीने नीलामी होगी, जिसके करोड़ों में बिकने की उम्मीद है। यह कैप ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित लॉयड्स ऑक्शन में बिक्री के लिए रखी जाएगी, जहां इसकी कीमत एक मिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

भारत से है खास रिश्ता

सर डॉन ब्रैडमैन ने 1928 से 1949 के बीच खेले गए 52 टेस्ट मैचों में 29 शतक जड़कर क्रिकेट इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनकी पहनी यह खास बैगी ग्रीन कैप 1947-48 की भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान इस्तेमाल की गई थी। खास बात यह है कि ब्रैडमैन ने यह कैप खुद एक साथी टेस्ट क्रिकेटर को उपहार में दी थी, और तब से यह कैप 75 साल से ज्यादा समय तक उसी परिवार के पास सुरक्षित रही। अब तक न तो इसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया और न ही बिक्री के लिए पेश किया गया था।

डॉन ब्रैडमैन की दुर्लभ कैप

ब्रैडमैन के दौर में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आज की तरह एक ही कैप सालों तक नहीं पहनते थे, बल्कि हर टेस्ट सीरीज के लिए अलग बैगी ग्रीन कैप पहनी जाती थी। इसी वजह से यह कैप और भी दुर्लभ मानी जा रही है। लॉयड्स ऑक्शन के ली हेम्स ने कहा कि यह क्रिकेट इतिहास का एक असली और दुर्लभ हिस्सा है, जिसे सर डॉन ब्रैडमैन ने व्यक्तिगत रूप से भेंट किया था। 75 सालों तक एक ही परिवार में रहना और ‘द डॉन’ से इसका सीधा जुड़ाव इसे नीलामी में आने वाली सबसे अहम ब्रैडमैन से जुड़ी वस्तुओं में से एक बनाता है।

क्या शेन वॉर्न का टूट पाएगा रिकॉर्ड

बता दें, सर डॉन ब्रैडमैन ने 1948 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था और उनका 99.94 का करियर बल्लेबाजी औसत आज भी क्रिकेट के इतिहास की सबसे महान उपलब्धियों में गिना जाता है। डॉन ब्रैडमैन कैप 26 जनवरी को नीलामी के लिए पेश की जाएगी, जिसमें दुनिया भर से निजी कलेक्टर्स, संग्रहालय, संस्थान और क्रिकेट प्रेमी दिलचस्पी दिखा सकते हैं। इस नीलामी की शुरुआती बोली सिर्फ 1 डॉलर से शुरू होगी। गौरतलब है कि ब्रैडमैन की 1928 की डेब्यू सीरीज वाली पहली बैगी ग्रीन कैप साल 2020 में 4.5 लाख डॉलर में बिकी थी। वहीं अब तक बैगी ग्रीन कैप के लिए सबसे महंगी कीमत का रिकॉर्ड शेन वॉर्न के नाम है, जिनकी कैप 2019-20 की ऑस्ट्रेलियाई बुशफायर राहत के लिए 1,007,500 डॉलर में बिकी थी।

यह भी पढ़ें 

दो दिन में खत्म हो गया एशेज टेस्ट, अब आईसीसी ने दे दी ऐसी रेटिंग

ध्रुव जुरेल ने जमाया धमाकेदार शतक, चौके और छक्कों की लाइन लगाकर ठोक दी टीम इंडिया की दावेदारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल