1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तानी जाते ही सूर्यकुमार यादव बन गए खास लिस्ट का हिस्सा, टी20 वर्ल्ड कप जीतते ही बना बतौर कप्तान आखिरी मुकाबला

कप्तानी जाते ही सूर्यकुमार यादव बन गए खास लिस्ट का हिस्सा, टी20 वर्ल्ड कप जीतते ही बना बतौर कप्तान आखिरी मुकाबला

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 07, 2026 03:22 pm IST,  Updated : Jun 07, 2026 03:22 pm IST

भारतीय टीम को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जिताने वाले सूर्यकुमार यादव की जगह पर अब इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का नया कप्तान श्रेयस अय्यर को बना दिया गया है, जिसके साथ ही सूर्या एक ऐसी लिस्ट का हिस्सा बन गए हैं जिसमें पहले सिर्फ 3 खिलाड़ी ही शामिल थे।

Suryakumar Yadav- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव Image Source : AP

बीसीसीआई ने पिछले काफी समय से चल रही चर्चाओं को उस समय खत्म कर दिया जब उन्होंने 6 जून को टीम इंडिया के यूके और एशियन गेम्स 2026 के लिए स्क्वाड का ऐलान किया। इसी के साथ सूर्यकुमार यादव जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी को जीता था उनकी जगह पर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त कर दिया गया। सूर्या के बाहर होने के पीछे बड़ा कारण उनका बल्ले से लगातार खराब फॉर्म माना जा रहा है जिसमें वह आईपीएल 2026 में भी वापसी करने में कामयाब नहीं हो सके थे। हालांकि बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड काफी बेहतरीन है, जिसमें टीम इंडिया ने सभी द्विपक्षीय सीरीज में जीत हासिल करने के साथ वर्ल्ड कप और एशिया कप दोनों खिताब भी अपने नाम किए थे। वहीं कप्तानी जाने के साथ ही सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में एक ऐसी लिस्ट का हिस्सा बन गए हैं जिसमें पहले सिर्फ तीन कप्तान ही शामिल थे।

वर्ल्ड कप फाइनल जीत बनी बतौर कप्तान आखिरी मुकाबला

वर्ल्ड क्रिकेट में जहां कई बार कप्तान किसी बड़े टूर्नामेंट में हार के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी को छोड़ते हैं तो वहीं काफी कम है ऐसा हुआ है कि किसी प्लेयर ने वर्ल्ड कप जीतने के बाद कप्तानी छोड़ी है या फिर उससे ली गई है। सूर्यकुमार यादव से पहले टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सिर्फ तीन कप्तान ऐसे रहे हैं जिन्होंने टूर्नामेंट का खिताब जीतने के बाद कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है या फिर इंटरनेशनल क्रिकेट से इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। इस लिस्ट में पहला नाम पाकिस्तान को अपनी कप्तानी साल 2009 का टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले यूनिस खान का है जिन्होंने फाइनल मुकाबला खत्म होने के साथ ही टी20 से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। इसके बाद वेस्टइंडीज टीम के दिग्गज खिलाड़ी डैरेन सैमी ने साल 2016 में टी20 वर्ल्ड कप बतौर कप्तान जीतने के साथ ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। वहीं लिस्ट में तीसरा नाम रोहित शर्मा का है जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप को अपने नाम किया था और फाइनल मैच के बाद उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान किया था। अब इस लिस्ट में चौथा नाम सूर्यकुमार यादव का है जिन्होंने रिटायरमेंट तो नहीं लिया है लेकिन बतौर कप्तान अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच वर्ल्ड कप फाइनल मैच जीतने के तौर पर खेला।

अब टीम इंडिया में वापसी की राह है काफी मुश्किल

सूर्यकुमार यादव को सिर्फ कप्तानी से ही हाथ नहीं धोना पड़ा बल्कि उनको स्क्वाड से भी ड्रॉप कर दिया गया है। ऐसे में उनके लिए फिर से टीम इंडिया में वापसी कर पाना काफी मुश्किल दिख रहा है क्योंकि एक तरफ जहां अब वह 35 साल के हो गए हैं तो वहीं मौजूदा समय में काफी सारे युवा खिलाड़ी लगातार टीम इंडिया में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में अब सूर्यकुमार यादव को वापसी करने के लिए काफी धमाकेदार प्रदर्शन करना होगा।

ये भी पढ़ें

कप्तान शुभमन गिल का टेस्ट में जलवा जारी, बल्लेबाजी औसत सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से कम

VIDEO: टीम इंडिया का कप्तान बनने पर आया श्रेयस अय्यर का पहला बयान, कहा - मेरे लिए सम्मान की बात

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल