यूएसए को आखिरकार पाकिस्तान ने हराकर राहत की सांस ले ली। साल 2024 की कड़वी यादें पाकिस्तान के जेहन में रही होंगी, इसलिए टीम ने इस मैच को हल्के में नहीं लिया। पाकिस्तान ने यूएसए को 32 रन से हरा दिया और दो मुकाबले जीतकर चार अंक भी हासिल कर लिए। इस बीच यूएसए को हराकर पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा फूले नहीं समा रहे हैं। वे इतने खुश हैं कि कुछ कहा नहीं जा सकता। चलिए आपको बताते हैं कि यूएसए से मैच के बाद कप्तान ने क्या कहा।
अमेरिका को टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में 32 रन से हराने के बाद जब पाकिस्तानी कप्तान से बात की गई तो वे मुस्कराते हुए आए। इसके बाद एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टीम ने बैट से अच्छी शुरुआत की। साथ ही बीच के ओवर्स में भी अच्छी बल्लेबाजी हुई। इसके बाद आगा ने कहा कि जब गेंदबाजी की बात आती है तो उनके पास वर्ल्ड क्लास अटैक है। उन्होंने कहा कि टीम ने 190 रन का बड़ा स्कोर बनाया था, लेकिन अगर टीम 160-170 रन भी बनाती तो भी उसे डिफेंड किया जा सकता है।
इसके बाद सलमान यहीं नहीं रुके, बोले कि वे पाकिस्तानी है और चेज करने में काफी कम्फर्टेबल महसूस करते हैं। लेकिन अगर पहले बैटिंग आए तो भी बड़ा स्कोर करते हैं। उसके बाद जो भी स्कोर बनाते हैं, उसे डिफेंड करते हैं। इसके साथ ही सलमान ने बताया कि पहले तीन नंबर तक बैटिंग आर्डर लॉक है, लेकिन इसके बाद बदलाव किए जा सकते हैं। मैच की स्थिति को देखते हुए कोई भी बल्लेबाज आ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने माना कि बेहतर की गुंजाइश है और टीम आने वाले मैचों में पावरप्ले में अच्छा खेल दिखना चाहेगी।
आपको याद दिला दें कि पाकिस्तानी टीम अब अपना अगला मैच टीम इंडिया के खिलाफ खेलेगी। इस मैच को लेकर जो भी गतिरोध था, वो आईसीसी ने खत्म करा दिया है। भारती टीम अभी 12 फरवरी को नामिबिया के खिलाफ मैच खेलेगी, उसके बाद कोलंबो जाएगी। भारत और पाकिस्तान के बीच ये बड़ा मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद