1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जिम्बाब्वे की श्रीलंका के खिलाफ जीत बनी ऐतिहासिक, पहली बार वर्ल्ड कप में कर पाई ये काम, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

जिम्बाब्वे की श्रीलंका के खिलाफ जीत बनी ऐतिहासिक, पहली बार वर्ल्ड कप में कर पाई ये काम, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Feb 19, 2026 08:30 pm IST,  Updated : Feb 19, 2026 08:30 pm IST

SL vs ZIM: जिम्बाब्वे की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में 6 विकेट से मात देने के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसी के साथ जिम्बाब्वे की टीम ने इस जीत के साथ कुछ नए रिकॉर्ड भी बना दिए हैं।

SL vs ZIM, T20 World Cup 2026 Match- India TV Hindi
श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे, टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच। Image Source : AP

सिकंदर रजा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए जब जिम्बाब्वे की टीम खेलने पहुंची थी, तो किसी ने भी ये उम्मीद नहीं लगाई थी कि वह सुपर-8 में पहुंचने में कामयाब भी हो पाएगी। जिम्बाब्वे की टीम ने सभी क्रिकेट पंडितों को ना सिर्फ गलत साबित किया बल्कि अपने ग्रुप में टॉप पर खत्म करने के साथ अगले दौर से पहले बाकी टीमों के बड़ा संदेश भी देने का काम किया है। जिम्बाब्वे की टीम जिनको इस टूर्नामेंट में ग्रुप-बी में मेजबान श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के साथ जगह मिली थी, उसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका दोनों को ही मात देने के साथ जहां बड़ा उलटफेर किया तो वहीं आयरलैंड के खिलाफ मैच बारिश में धुल जाने की वजह से वह टेबल में टॉप पर खत्म करने में कामयाब रहे। वहीं जिम्बाब्वे को श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत उनके लिए काफी ऐतिहासिक भी बन गई।

पहली बार किसी वर्ल्ड कप में श्रीलंका को दी मात

जिम्बाब्वे की टीम को श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में 179 रनों का टारगेट मिला था, जिसे वह 4 विकेट के नुकसान पर हासिल करने में कामयाब रहे। इसी के साथ जिम्बाब्वे की ये लिमिटेड ओवर्स वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक श्रीलंका के खिलाफ पहली जीत बन गई। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में देखा जाए तो फुल मेंबर्स टीमों के खिलाफ ये जिम्बाब्वे की अब तक की पांचवीं जीत है। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को जहां 2 बार मात दी थी, तो वहीं आयरलैंड और पाकिस्तान को एक-एक बार हराने में कामयाब रहे थे। श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में जिम्बाब्वे की पारी में कुल 7 छक्के देखने को मिले, जो अब तक किसी भी टी20 वर्ल्ड कप में उनकी तरफ से एक पारी में लगे सबसे ज्यादा छक्कों की संख्या है।

कोलंबो में किया दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज

श्रीलंका के कोलंबो में आर प्रेमदासा स्टेडियम में किसी भी टीम के लिए टारगेट का पीछा करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं रहता है। इस मैदान पर सबसे बड़ा सफल रन चेज का रिकॉर्ड बांग्लादेश टीम के नाम पर है जो उन्होंने साल 2018 निदहास ट्रॉफी में किया था, जब वह 215 रनों के स्कोर का पीछा कर रहे थे। वहीं अब इस लिस्ट में जिम्बाब्वे का ये रन चेज दूसरे नंबर पर आ गया है। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में श्रीलंका टीम के खिलाफ ये अब तक का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इस लिस्ट में इंग्लैंड की टीम पहले नंबर पर है जिन्होंने साल 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में चट्टोग्राम के मैदान पर 190 रनों के टारगेट का पीछा किया था। वहीं टी20 इंटरनेशनल में ये जिम्बाब्वे का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया है।

ब्रायन बेनेट का फॉर्म बना जिम्बाब्वे की सफलता का सबसे बड़ा कारण

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे टीम की इस सफलता का सबसे बड़ा कारण उनके ओपनिंग बल्लेबाज ब्रायन बेनेट का शानदार फॉर्म है, जो ग्रुप स्टेज के किसी भी एक मुकाबले में आउट नहीं हुए। इसमें ओमान के खिलाफ जहां उन्होंने नाबाद 48 रनों की पारी खेली तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में उनके बल्ले से नाबाद 64 रनों की पारी देखने को मिली। इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ रन चेज में ब्रायन बेनेट ने नाबाद 63 रन बनाए। ब्रायन बेनेट ने इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेलने के मामले में सीन विलियम्स की बराबरी करने के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें उनके नाम 12 फिफ्टी प्लस रनों का पारियां दर्ज हो चुकी हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर सिकंदर रजा का नाम है जिन्होंने अब तक 17 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेली हैं।

ये भी पढ़ें

टीम इंडिया की हार पर कप्तान ने बल्लेबाजों को ठहराया दोषी, कहा - बैटिंग करते समय हमें थोड़ी और जिम्मेदारी लेनी चाहिए

स्टीव स्मिथ को नहीं खिलाने पर मचा बवाल, अब वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दी सफाई

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल