टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 13 फरवरी को ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे की टीम के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। इस मैच में सभी को उम्मीद थी कि ऑस्ट्रेलियाई टीम आसानी से जीत हासिल कर लेगी, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी देखने को नहीं मिला। जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को 23 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रहे। जिम्बाब्वे की इस जीत से ऑस्ट्रेलियाई टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म होता दिखाई दे रहा है। कंगारू टीम को अभी ग्रुप स्टेज में 2 मुकाबले खेलने बाकी हैं, जिसमें दोनों ही मैच उनके लिए काफी अहम हो गए हैं, साथ ही अब उन्हें दूसरे मैचों के परिणाम पर भी नजर रखनी होगी।
जिम्बाब्वे की टीम से मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 में पहुंचने में किए अपने बाकी बचे ग्रुप स्टेज के दोनों ही मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी, जिसमें 16 फरवरी को उन्हें मेजबान श्रीलंका की टीम से मैच खेलना है जो उनके लिए आसान नहीं रहने वाला है। यदि ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में हार मिलती है तो उनके लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर ग्रुप स्टेज के साथ खत्म हो जाएगा। इस मैच के बाद कंगारू टीम को ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मुकाबला ओमान की टीम के खिलाफ 20 फरवरी को खेलना है। इन दोनों ही मैचों में ना सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत हासिल करनी होगी बल्कि नेट रनरेट को ध्यान में रखते हुए बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम करना होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के जहां 2 मैचों में दो अंक हैं तो वहीं उनका नेट रनरेट 1.100 का है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ना सिर्फ ग्रुप स्टेज के अपने बाकी बचे दोनों ही मैच काफी अहम रहने वाले हैं, वहीं उनके लिए श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच 19 फरवरी को होने वाले मुकाबले के परिणाम पर भी नजरें रहेंगी। इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम सुपर-8 के लिए जहां अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगी तो वहीं दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम के लिए नेट रनरेट की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। यदि कंगारू टीम श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच में जीत हासिल करती है और उसके बाद जिम्बाब्वे भी श्रीलंका को मात देने में कामयाब होता है तो इस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 में पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा। हालांकि यदि श्रीलंकाई टीम इन दोनों ही मैचों को जीतने में कामयाब होती है तो उस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया का सफर सुपर-8 से खत्म हो जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सभी की नजरें अब सबसे ज्यादा ग्रुप-बी पर रहने वाली हैं, जिसमें जिम्बाब्वे के पास सुपर-8 में अपनी जगह को बनाने का शानदार मौका है। जिम्बाब्वे की टीम को अपना अगला मैच 17 फरवरी को आयरलैंड की टीम के खिलाफ खेलना है, जिसमें वह जीत हासिल करते ही सुपर-8 के लिए अपनी जगह को लगभग पक्की कर लेंगे। हालांकि श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच के बाद ही सबकुछ पूरी तरह से तय हो पाएगा।
ये भी पढ़ें
T20 वर्ल्ड कप 2026: एक ही दिन में दो टीमों को लगा बड़ा झटका, कप्तान हुआ टूर्नामेंट से बाहर
संपादक की पसंद