1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल 2018
  4. VIDEO: सिक्सर किंग क्रिस गेल हरियाणवी गाने पर ऐसे थिरके कि सिंगर सपना चौधरी रह गईं हैरान

VIDEO: सिक्सर किंग क्रिस गेल हरियाणवी गाने पर ऐसे थिरके कि सिंगर सपना चौधरी रह गईं हैरान

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 23, 2018 06:41 pm IST,  Updated : Apr 23, 2018 06:41 pm IST

टी-20 क्रिकेट के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल के सामने आईपीएल में इस बार न सिर्फ गेंदबाज़ नाच रहे हैं बल्कि ख़ुद गेल भी मैदान के बाहर अपने डांस से धमाल मचा रहे हैं. 

Gayle- India TV Hindi
Gayle

टी-20 क्रिकेट के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल के सामने आईपीएल में इस बार न सिर्फ गेंदबाज़ नाच रहे हैं बल्कि ख़ुद गेल भी मैदान के बाहर अपने डांस से धमाल मचा रहे हैं. सोमवार को सोशल मीडिया पर गेल का एक ऐसा ही डांस विडियो वायरल हो रहा है. इस बार गेल हरियाणवी गानों की मशहूर सिंगर सपना चौधरी के एक गाने पर जमकर थिरक रहे हैं.

कुछ देर पहले गेल के इस डांस का विडियो खुद सपना चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है. क्रिस गेल सफेद सूट और सफेद जूते पहने हुए हैं और वे ज़बरदस्त अंदाज में सपना चौधरी के गाने 'तेरी आंखां का यो काजल, मने करे से कोई घायल' पर डांस कर रहे हैं. इस गाने में गेल के डांस स्टेप सपना चौधरी के डांस स्टेप्स से हू-ब-हू मेल खाते हैं. खुद सपना चौधरी ने भी गेल के डांस की तारीफ की है. इस विडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए सपना चौधरी ने लिखा, 'देखो मुझे इंटरनेट पर क्या मिला. क्रिस गेल आप सचमुच बहुत अच्छे डांसर हो.' 

बता दें कि इस बार गेल किंग्स XI पंजाब में हैं और उन्हें पंजाब की ओर से अभी तक सिर्फ 3 बार खेलने का मौका मिला है. गेल ने इन तीनों मैचों में अपने खेल का जादू बिखेर कर पहले ही फैन्स का दिल जीत लिया है. इसके साथ-साथ गेल की मस्ती वाला यह डांस अब सोशल मीडिया पर उनके फैन्स को और भी रोमांचित कर रहा है. कुछ ही घंटों में इस विडियो को इंस्टाग्राम पर करीब 1 लाख लोग देख चुके हैं. 

आईपीएल 11 में किंग्स के लिए खेलीं इन तीन पारियों की बात करें, तो यहां भी गेल अव्वल ही रहे हैं. अब तक इन तीन पारियों में इस कैरिबियाई बल्लेबाज ने एक शतक और दो फिफ्टी जड़कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है. आज गेल दिल्ली डेयरडेविल्स के घर में एक बार फिर अपना जलवा दिखाने फिरोजशाह कोटला मैदान पर उतरेंगे.

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल