1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2020, DC vs MI : सुर्यकुमार (53) और डिकॉक (53) की दमदार बल्लेबाजी से मुंबई ने दिल्ली पर दर्ज की 5 विकेट से रोमांचक जीत

IPL 2020, DC vs MI : सुर्यकुमार (53) और डिकॉक (53) की दमदार बल्लेबाजी से मुंबई ने दिल्ली पर दर्ज की 5 विकेट से रोमांचक जीत

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Oct 11, 2020 11:26 pm IST,  Updated : Oct 11, 2020 11:58 pm IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के 27वें मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम 5 विकेट से हरा दिया।

DC vs MI, IPL, IPL 2020, Mumbai Indians vs Delhi capitals, Suryakumar,  Dickock- India TV Hindi
IPL 2020, DC vs MI Image Source : IPLT20.COM

चार बार की विजेता मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में खेला गया मैच श्रेष्ठता की जंग के तौर पर देखा जा रहा था, जिसका कारण इन दोनों टीमों का इस सीजन का प्रदर्शन। इस मैच में मुंबई ने दिल्ली को पांच विकेटों से हरा दिया।  

दोनों टीमें संतुलित हैं और हर विभाग में निपुण, लेकिन शेख जाएद स्टेडियम में मुंबई दिल्ली से थोड़ा बेहतर साबित हुई। 

दिल्ली ने शिखर धवन (नाबाद 69 रन, 52 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) के अर्धशतक के दम पर 20 ओवरों में चार विकेट गंवाकर 162 रन बनाए। इस लक्ष्य को मुंबई ने क्विटंन डी कॉक (53 रन, 36 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के ) और सूर्यकुमार यादव (53 रन, 32 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) के अर्धशतकों की सहायता से 19.4 ओवरों में हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें- IPL 2020, MI vs DC : हार के बाद कप्तान अय्यर ने बताया, कहां से पलट गया पूरा मैच

मुंबई के लिए हालांकि यह स्कोर हासिल करना आसान नहीं था, क्योंकि दिल्ली की गेंदबाजी बेहद मजबूत है। अक्षर पटेल ने रोहित शर्मा (5) को आउट कर मुंबई को पहला झटका दिया। रोहित के जोड़ीदार डी कॉक ने इस मैच में रोहित की कमी पूरी की और अर्धशतक जमाया। सूर्यकुमार के साथ मिलकर वो दिल्ली की चिंताओं को बढ़ा रहे थे। रविचंद्रन अश्विन ने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डी कॉक को पृथ्वी शॉ के हाथों कैच करा मुंबई का दूसरा विकेट चटकाया। 10 ओवर बाद मुंबई का स्कोर 78/2 था और उसे जीतने के लिए 85 रन और चाहिए थे।

डी कॉक के बाद आए युवा ईशान किशन (28) भी अगले ओवर में पवेलियन लौटने वाले थे, लेकिन दिल्ली ने उन्हें रन आउट करने का मौका खो दिया। एक मौका छोड़ने के बाद दिल्ली ने दूसरा मौका नहीं छोड़ा लेकिन इस बार बल्लेबाज सूर्यकुमार थे जिनका कैच श्रेयस अय्यर ने पकड़ मुंबई को तीसरा झटका दिया।

यहां से मुंबई के पांच ओवरों में जीतने के लिए 33 रन चाहिए थे। हार्दिक पांड्या बिना खाता खोले आउट हो गए। उनके बाद किशन भी आउट हो गए। लेकिन क्रुणाल पांड्या (नाबाद 12) और कीरन पोलार्ड (नाबाद 11) ने मुंबई को दो गेंद पहले जीत दिला दी।

यह भी पढ़ें-  SRH vs RR : रियान पराग ने बताया इस गेम प्लान के चलते तेवतिया के साथ वह दे पाए हैदराबाद को मात

दिल्ली के लिए अभी तक शांत बैठे धवन के बल्ले से इस मैच में अहम अर्धशतकीय पारी निकली और इसी के दम पर दिल्ली एक सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

पृथ्वी शॉ (4) और अजिंक्य राहणे (15) के जल्दी आउट होने के बाद धवन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (42) के साथ टीम को संभाला। दोनों इसमें सफल रहे और 85 रनों की साझेदारी की। ट्रेंट बोल्ट ने क्रुणाल पांड्या की गेंद पर शानदार कैच ले अय्यर को बाहर भेज दिया।

इसके बाद आए इन फॉर्म मार्कस स्टोइनिस (13) धवन के साथ हुई असमंजस में रन आउट हो गए। एलेक्स कैरी ने फिर धवन का साथ दिया और नाबाद 14 रन बनाए।

लेकिन दिल्ली को आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की कमी खली। मुंबई के गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को बड़े स्कोर तक नहीं जाने दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल