1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. उबेर कप: भारतीय महिला टीम ने आस्ट्रेलिया को 5-0 से हराया

उबेर कप: भारतीय महिला टीम ने आस्ट्रेलिया को 5-0 से हराया

 Written By: Bhasha
 Published : May 16, 2016 12:57 pm IST,  Updated : May 16, 2016 02:33 pm IST

दूसरे गेम में वेंडी चेन ने 13-7 की बढ़त बनाई लेकिन साइना ने लगातार नौ अंक के साथ वापसी की और फिर आसानी से गेम और मैच जीत लिया।

Saina Nehwal, P.V Sindhu- India TV Hindi
Saina Nehwal, P.V Sindhu

कुनशान: भारतीय महिला टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरूआत करते हुए आज यहां उबेर कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में आस्ट्रेलिया को 5-0 से रौंद दिया। नई दिल्ली में पिछले टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला टीम ने तीन एकल और दोनों युगल मैच जीतकर यहां कुनशान स्पोट्र्स सेंटर स्टेडियम में अधिकतम अंक हासिल किए।

भारत के लिए मुकाबले की शुरूआत दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी साइना नेहवाल ने की और दुनिया की 74वें नंबर की खिलाड़ी सुआन यू वेंडी चेन को 22-20 21-14 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

पहले एकल में साइना ने शुरूआत में 5-0 की बढ़त बनाई लेकिन वेंडी चेन ने स्कोर 7-8 कर दिया। साइना ने दोबारा 14-7 की बढ़त बनाई लेकिन विरोधी खिलाड़ी ने 19-19 के स्कोर पर बराबरी हासिल कर ली। साइना ने हालांकि 20-20 के स्कोर पर लगातार दो अंक के साथ पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में वेंडी चेन ने 13-7 की बढ़त बनाई लेकिन साइना ने लगातार नौ अंक के साथ वापसी की और फिर आसानी से गेम और मैच जीत लिया।

विश्व चैम्पियनशिप में दो बार की कांस्य पदक विजेता पीवी सिंधू ने एकतरफा मुकाबले में जाय लेई को 25 मिनट में हराकर भारत को 2-0 से आगे किया। ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी ने इसके बाद वेंडी चेन और ग्रोन्या समरविले की जोड़ी को 28 मिनट में 21-9 21-15 से हराया।

इसे भी पढ़ेः प्रणय, सिंधू ने चाइना मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया

दक्षिण एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता रूतविका शिवानी गाडे ने तीसरे एकल में तिफानी हो को 21-5 21-11 से शिकस्त दी जबकि सिक्की रेड्डी और सिंधू की जोड़ी ने लियान चू और जाय लेई की जोड़ी को 21-12 21-12 से हराकर भारत की 5-0 से जीत सुनिश्चित की। भारत ग्रुप डी के अगले मैच में कल जर्मनी से भिड़ेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल