नई दिल्ली: ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो की मेजबानी में रविवार को संपन्न हुए 15वें पैरालंपिक खेलों में चीन लगातार चौथी बार नंबर एक पर आने में कामयाब रहा। रियो पैरालंपिक इस मायने में भी खास रहा कि इस दौरान सर्वाधिक 209 नए वर्ल्ड रिकॉर्ड बने।
इन्हें भी पढ़ें:
- रियो पैरालम्पिक: चीन के 100 गोल्ड पूरे, ऐसा करने वाला तीसरा देश बना
- PM मोदी समेत कई हस्तियों ने देवेंद्र को गोल्ड जीतने पर बधाई दी
इन 209 विश्व कीर्तिमानों में भारतीय भाला फेंक ऐथलीट देवेंद्र झाझरिया का भी एक रिकॉर्ड शामिल है। एथेंस ओलंपिक-2014 में विश्व कीर्तिमान रच स्वर्ण जीतने वाले झाझरिया ने 12 साल बाद पैरालंपिक खेलों में वापसी करते हुए अपने पुराने विश्व कीर्तिमान को तोड़ा और भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी वर्ष विकलांग व्यक्तियों के लिए एक विशेष शब्द 'दिव्यांग' के इस्तेमाल की पहल की और 11 दिनों तक चले खेलों के इस महाकुंभ में मात्र 19 खिलाड़ियों के साथ उतरी भारतीय टीम ने जैसे उनके शब्दों को जिया।
इन्हें भी पढ़ें:
- रियो पैरालिंपिक: देवेन्द्र ने जेवलिन थ्रो में जीता गोल्ड, तोड़ा खुद का रिकॉर्ड
- रियो पैरालम्पिक: शॉटपुट में दीपा मलिक ने सिल्वर जीत रचा इतिहास
- Rio पैरालंपिक: ऊंची कूद में मरियप्पन ने लगाई गोल्ड पर छलांग, रचा इतिहास
भारतीय टीम ने पैरालंपिक खेलों के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने दो गोल्ड मेडल सहित कुल चार पदक अपने नाम किए और पदक तालिका में 47वां स्थान हासिल किया। एथेंस, बीजिंग और लंदन में हुए ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक खेलों में शीर्ष पर रहे चीन ने रियो में भी अपना दबदबा कायम रखा। चीनी टीम ने 107 गोल्ड मेडल जीते और किसी एक पैरालंपिक खेलों में गोल्ड मेडल्स की सेंचुरी लगाने वाला दुनिया का तीसरा देश बना। चीन ने 107 गोल्ड, 81 सिल्वर मेडल्स और 51 ब्रॉन्ज मेडल्स के साथ पैरालंपिक खेलों में सर्वाधिक 239 मेडल हासिल करने में सफल रहा।
चीन से पहले अमेरिका और ब्रिटेन की संयुक्त मेजबानी में हुए पैरालंपिक खेलों में अमेरिका (137) और ब्रिटेन (107) 100 या उससे अधिक गोल्ड मेडल जीतने वाले देश थे। रियो में 159 देशों के 4,300 के करीब पैरा-ऐथलीट जुटे और 11 दिनों में 1,500 के करीब मेडल जीतकर अपने-अपने देश को गौरवान्वित किया। ओलंपिक खेलों के बाद पैरालंपिक खेलों को फीकी प्रतिक्रिया मिलने और दर्शकों के न जुटने की शंका जताई जा रही थी, लेकिन पैरालंपिक खेलों के दौरान 10 सितंबर को बारा ओलंपिक पार्क में 1,72,000 दर्शक जुटे जो ओलंपिक के दौरान जुटे सर्वाधिक दर्शकों से भी अधिक रहा।
चीन ने सर्वाधिक 37 गोल्ड मेडल तैराकी में जीते जबकि तैराक हुआंग वेनपान रियो पैरालंपिक में चीन के सबसे सफल ऐथलीट रहे। वेनपान ने रियो में 5 गोल्ड मेडल अपने नाम किए।