1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Commonwealth Games 2026 में तीसरे दिन सचिन सिवाच ने कनाडा के मुक्केबाज को हराया, लॉन बॉल्स में मिली भारत को हार

Commonwealth Games 2026 में तीसरे दिन सचिन सिवाच ने कनाडा के मुक्केबाज को हराया, लॉन बॉल्स में मिली भारत को हार

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Updated : Jul 26, 2026 06:46 am IST

कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम इंडिया बॉक्सिंग, स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, लॉन बॉल्स और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में हिस्सा ले रही है। भारत तीसरे दिन अपनी लय को और आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा। दूसरे दिन मेडल टैली में खाता खोलने में कामयाब रहा।

सचिन सिवाच- India TV Hindi
सचिन सिवाच Image Source : PTI

कॉमनवेल्थ गेम्स के तीसरे दिन भारत ने अपना पहला मेडल जीत लिया है। पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का खाता खोला। इस शानदार शुरुआत के बाद आज भारतीय खिलाड़ियों का शेड्यूल काफी व्यस्त रहा है। आज भारत के एथलीट बॉक्सिंग, स्विमिंग, पैरा स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, लॉन बॉल्स और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसे अलग-अलग खेलों में अपना दम दिखाते हुए नजर आए। तीसरे दिन बॉक्सिंग में सचिन सिवाच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनाडा के मुक्केबाज को मात दी और प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

बॉक्सिंग में सचिन सिवाच 60 किग्रा वर्ग से अपने सफर की शुरुआत करेंगे, तो वहीं जिम्नास्टिक्स में प्रणति नायक महिला टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। स्विमिंग में दक्षन शशिकुमार और आर्यन नेहरा 400 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेंगे, जबकि चैतन्य विश्वास कुलकर्णी पैरा स्विमिंग में उतरेंगे। लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल के साथ-साथ रूपा रानी टिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी मैदान में दिखेगी। इसके अलावा, भारत की महिला 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल टीम वेल्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलकर इस टूर्नामेंट में डेब्यू करेगी।

Commonwealth Games Day 3 Live

Auto Refresh
Refresh
  • 11:26 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    चौथे दिन मीराबाई चानू से गोल्ड की उम्मीद

    भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू 26 जुलाई को महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल के लिए मैदान में उतरेंगी। टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीत चुकीं और कॉमनवेल्थ गेम्स की चैंपियन मीराबाई से देश को एक बार फिर गोल्ड की बड़ी उम्मीद है। वह अपने नाम एक और इंटरनेशनल खिताब करने की पूरी कोशिश करेंगी, वहीं भारतीय फैंस भी उनसे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

  • 11:06 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    भारतीय महिला प्लेयर्स जिम्नास्टिक्स टीम नहीं जीत सकी मेडल

    भारतीय महिला टीम जिम्नास्टिक्स के इवेंट में मेडल जीतने से चूक गई है। हालांकि भारत के लिए राहत की बात यह है कि प्रतिष्ठा सामंता ने वॉल्ट इवेंट में बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे उनके व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचने की पूरी उम्मीद है। अब इस मुकाबले में देश की सारी उम्मीदें प्रतिष्ठा सामंता पर टिकी होंगी।

  • 10:43 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    भारतीय टीम 93.150 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर

    महिला टीम स्पर्धा के तीसरे राउंड के बाद पॉइंट टेबल में बड़ा बदलाव आया है। वेल्स 112.700 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर पहुंच गया है, जबकि सिंगापुर 103.500 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है। स्कॉटलैंड बहुत मामूली अंतर से 103.200 पॉइंट्स लेकर तीसरे नंबर पर खिसक गया है, वहीं माल्टा 99.150 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर है। भारतीय टीम फिलहाल 93.150 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर बनी हुई है। भारत के पास अभी अगले राउंड्स में अपना स्कोर और रैंकिंग सुधारने का मौका है, लेकिन मेडल जीतने की रेस में बने रहने के लिए खिलाड़ियों को अब बहुत ही शानदार प्रदर्शन करना होगा।

  • 10:21 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    जिम्नास्टिक्स में भारतीय एथलीट का दमदार प्रदर्शन

    ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के तीसरे दिन भारत के लिए जिम्नास्टिक से एक अच्छी खबर आई है। महिलाओं के जिम्नास्टिक क्वालिफिकेशन में प्रणति नायक, निष्का अग्रवाल, एशिता रेवाले और प्रतिष्ठा सामंत की चार खिलाड़ियों की भारतीय टीम ने बैलेंस बीम इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 29.100 का स्कोर बनाया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर, कुल 4 में से 3 इवेंट्स के बाद भारत का कुल स्कोर 93.150 पर पहुंच गया है। अब केवल फ्लोर एक्सरसाइज का मुकाबला बाकी है।

  • 8:52 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल को मिली हार

    लॉन बॉल्स में लगातार दो मैच जीतने के बाद भारत के पुतुल सोनोवाल को अपने तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। मेंस के सिंगल्स मुकाबले में मलेशिया के इज्जत शमीर ज़ुलकेपले ने उन्हें 0-2 से हरा दिया। इस पूरे मैच में मलेशियाई खिलाड़ी का दबदबा बना रहा और पुतुल को वापसी करने का मौका ही नहीं मिला, जिससे वे यह मुकाबला सीधे सेटों में ही हार गए।

  • 8:32 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    बॉल्स में भारतीय एथलीट की शानदार वापसी

    लॉन बॉल्स में भारतीय खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल और मलेशिया की इज्जत शमीर के बीच मुकाबला बहुत ही रोमांचक चल रहा है। शुरुआत में मलेशियाई खिलाड़ी ने बढ़त बना ली थी, लेकिन चौथे राउंड में पुतुल ने 2 पॉइंट बनाकर बेहतरीन वापसी की। इसके बाद स्कोर 8-4 और फिर 5-4 हो गया, जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच जीत-हार का अंतर घटकर सिर्फ 1 पॉइंट रह गया है।

  • 8:10 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल पर रहेंगी नजरें

    भारत के खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल मेंस के लॉन बॉल्स मुकाबले (सेक्शन डी, राउंड 3) में खेलने उतर गए हैं। इससे पहले खेले गए अपने दोनों मैचों में उन्होंने बेहद शानदार जीत हासिल की थी। इस बार उनका मुकाबला मलेशिया के खिलाड़ी इज्जत शमीर जुलकेपले से है। पुतुल इस मैच को भी जीतकर अपनी लगातार तीसरी जीतदर्ज करने की कोशिश करेंगे, ताकि लॉन बॉल्स के खेल में भारत की बढ़त और मजबूती बनी रहे।

  • 7:33 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में वेल्स से हारी भारतीय महिला टीम

    3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल के महिला वर्ग में वेल्स ने भारत को 16-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। यह मैच पूरी तरह से एकतरफा रहा, जहां भारतीय टीम 12 कोशिशों में से सिर्फ 1-पॉइंट थ्रो ही बना सकी। इस करारी हार के बाद अब भारत का मुकाबला Pool B की अन्य टीमों स्कॉटलैंड और नाइजीरिया से होगा।

  • 7:11 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    बॉक्सिंग में सचिन का शानदार प्रदर्शन

    सचिन ने कुछ इस अंदाज में कनाडा के प्लेयर्स को हराया।

  • 5:40 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    लॉन बॉल्स में भारत की शानदार जीत

    ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के तीसरे दिन भारत के लिए लॉन बॉल्स से एक शानदार खबर आई है। यहां महिला डबल्स में रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। बर्मिंघम 2022 में गोल्ड मेडल जीतने वाली इस जोड़ी ने एक बहुत ही रोमांचक मैच में टोंगा की टीम को टाइ-ब्रेकर में 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत ने पहला सेट 5-2 से जीता था, लेकिन दूसरा सेट 4-6 से हार गया। इसके बाद आखिरी और निर्णायक टाइ-ब्रेकर में रूपा रानी और पिंकी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जीत हासिल की और सेमीफाइनल में पहुंचने का अपना दावा और मजबूत कर लिया है।

  • 5:38 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    स्विमिंग और व्हीलचेयर बास्केटबॉल में लगा भारत को झटका

    ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के तीसरे दिन भारत के लिए दो खेलों से मायूस करने वाली खबर आई है। सबसे पहले स्विमिंग में पुरुषों की 400 मीटर रेस की शुरुआती राउंड में ही भारत की उम्मीदें खत्म हो गई, जब दक्षन शशिकुमार अपनी रेस में 7वें और आर्यन नेहरा 8वें नंबर पर रहे। खराब प्रदर्शन की वजह से दोनों तैराक फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाए। इसके अलावा, 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल में भी भारतीय महिला टीम का खेल काफी निराशाजनक रहा और उन्हें वेल्स के खिलाफ 1-16 के बड़े अंतर से करारी हार झेलनी पड़ी।

  • 5:20 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    सचिन सिवाच पहुंचे प्री-क्वार्टर में, कनाडा के खिलाड़ी को दी मात

    कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन लगातार जारी है और एक और खिलाड़ी ने अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है। सचिन सिवाच ने मेंस के 60 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले में कनाडा के केओमा अल-अहमदिया को 4-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस शानदार जीत के साथ मुक्केबाजी में भारत की पकड़ और मजबूत हो गई है।

  • 4:49 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    आज 9 गोल्ड मेडल के लिए कड़ा मुकाबला

    आज का दिन कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलों के लिहाज से बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि खिलाड़ी कुल 9 गोल्ड मेडल जीतने के लिए एक-दूसरे को चुनौती देंगे। इनमें से 8 गोल्ड मेडल स्विमिंग और पैरा स्विमिंग में दिए जाएंगे, जबकि 1 गोल्ड मेडल आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के विजेता को मिलेगा। ग्लासगो में आज स्विमिंग और जिम्नास्टिक के अलावा लॉन बॉल्स, बॉक्सिंग और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसे कुल 6 अलग-अलग खेलों के मुकाबले खेले जाएंगे।

     

  • 4:11 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    तीसरे दिन लॉन बॉल्स से भारत करेगा आगाज

    कॉमनवेल्थ गेम्स में तीसरे दिन भारत की शुरुआत लॉन बॉल्स से होगी, जहां महिला पेयर्स स्पर्धा के सेक्शनल मुकाबले में रूपा रानी तिर्की और पिंकी का सामना टोंगा की पेरिस बेकर और मिलिका नाथन से होगा।

  • 3:39 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    तीसरे दिन भारत का शेड्यूल

    3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल

    महिलाओं का मैच (पूल बी): भारत बनाम वेल्स — शाम 4:35 बजे

    आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक

    महिलाओं की टीम का फाइनल और व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन: शाम 8:15 बजे (पदक का मुकाबला)

    बॉल्स (Lawn Bowls)

    महिलाओं का जोड़ी: भारत बनाम टोंगा — शाम 3:50 बजे

    मेंस सिंगल्स: भारत बनाम मलेशिया — शाम 7:30 बजे

    बॉक्सिंग (मुक्केबाजी)

    पुरुषों का 60 किग्रा वर्ग: सचिन सिवाच बनाम कियोम — शाम 4:00 बजे

    स्विमिंग

    पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल (हीट 3): दक्षण शशिकुमार — शाम 4:19 बजे

    पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल (हीट 4): आर्यन नेहरा — शाम 4:19 बजे

    पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल (फाइनल): रात 11:37 बजे (पदक का मुकाबला)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल