हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में हो रही है। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। यह इस टूर्नामेंट का 12वां संस्करण है जिसमें भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, कोरिया, कजाखिस्तान और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। आखिरी बार यह टूर्नामेंट 2022 में खेला गया था, जहां फाइनल में मलेशिया को हराकर साउथ कोरिया की टीम चैंपियन बनी थी। आज हम आपको बताएंगे कि अब तक किस टीम ने सबसे ज्यादा बार हॉकी एशिया कप का खिताब जीता है।
साउथ कोरिया ने सबसे ज्यादा बार जीता है हॉकी एशिया कप का खिताब
सबसे ज्यादा बार हॉकी एशिया कप का खिताब जीतने का रिकॉर्ड साउथ कोरिया के नाम है। साउथ कोरिया ने अब तक पांच बार हॉकी एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। उनकी टीम ने सबसे पहली बार 1994 में इस खिताब को अपने नाम किया था। उस सीजन उन्होंने फाइनल में भारतीय टीम को हराया था। उसके बाद से साउथ कोरिया ने 1999, 2009, 2013 और 2022 में इस खिताब को अपने नाम किया था।
भारत और पाकिस्तान 3-3 बार जीत चुके हैं ट्रॉफी
साउथ कोरिया के बाद भारत और पाकिस्तान ने 3-3 बार हॉकी एशिया कप के खिताब को अपने नाम किया है। भारत की बात करें तो टीम ने हॉकी एशिया कप का खिताब सबसे पहली बार 2003 में जीता था। उस साल भारतीय टीम ने फाइनल में साउथ कोरिया को 4-2 से हराया था। इसके बाद टीम इंडिया ने 2007 में साउथ कोरिया को 7-2 से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। 2017 में भारतीय टीम ने तीसरी बार खिताब जीता था, वहां उन्होंने फाइनल में मलेशिया को 2-1 से हराया था।
फाइनल में भारत को 3 बार हरा चुका है पाकिस्तान
पाकिस्तान की बात करें तो उनकी टीम 1982, 1985 और 1989 में हॉकी एशिया कप का खिताब जीतने में कामयाब रही थी। तीनों ही बार पाकिस्तान ने भारत को फाइनल में हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में भारत के लिए अच्छी बात ये है कि 2025 एशिया कप में पाकिस्तान की टीम नहीं खेल रही है। 2025 हॉकी एशिया कप में टीम इंडिया का पहला मुकाबला चीन से 29 अगस्त को होगा।
यह भी पढ़ें
फैंस के लिए आई बड़ी खुशखबरी, भारत में हो रहे टूर्नामेंट के लिए मिलेगी फ्री में एंट्री