1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने जीता भाला फेंक का गोल्ड मेडल, पूजा ने डिफेंड किया ऊंची कूद का गोल्ड

उत्तर प्रदेश के सचिन यादव ने जीता भाला फेंक का गोल्ड मेडल, पूजा ने डिफेंड किया ऊंची कूद का गोल्ड

 Written By: Vanson Soral
 Published : Feb 12, 2025 10:07 pm IST,  Updated : Feb 12, 2025 10:07 pm IST

भाला फेंक का सिल्वर और ब्रॉन्ज भी उत्तर प्रदेश के नाम रहा। रोहित यादव ने 80.47 मीटर के साथ दूसरा जबकि विकास शर्मा ने 79.33 मीटर से तीसरा स्थान हासिल किया।

sachin yadav- India TV Hindi
सचिन यादव Image Source : SACHIN YADAV INSTAGRAM

उत्तर प्रदेश के भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव, हरियाणा की 18 साल की ऊंची कूद खिलाड़ी पूजा सिंह और हिमाचल प्रदेश के लंबी दूरी के धावक सावन बेरवाल ने 12 फरवरी को देहरादून में एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन नेशनल गेम्स के नए रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीते। नीरज चोपड़ा और किशोर जेना जैसे स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में 25 साल के यादव ने अपने पांचवें और अंतिम प्रयास में भाले को 84.39 मीटर की दूरी तक फेंककर गोल्ड मेडल जीता। 

यादव ने 2015 में बनाए राजिंदर सिंह के 82.23 मीटर के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। यादव का 84.39 मीटर अब चोपड़ा (89.94 मीटर), जेना (87.54 मीटर), शिवपाल सिंह (86.23 मीटर) और देविंदर सिंह कांग (84.57 मीटर) के बाद किसी भारतीय के करियर का पांचवां सर्वश्रेष्ठ थ्रो है। भाला फेंक का सिल्वर और ब्रॉन्ज भी उत्तर प्रदेश के नाम रहा। रोहित यादव ने 80.47 मीटर के साथ दूसरा जबकि विकास शर्मा ने 79.33 मीटर से तीसरा स्थान हासिल किया। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक राजमिस्त्री की बेटी पूजा ने 1.84 मीटर के प्रयास से 2023 सत्र में जीते महिलाओं की ऊंची कूद के गोल्ड मेडल को बरकरार रखा। उन्होंने 2022 में पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन के 1.83 मीटर के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। पूजा का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1.85 मीटर है जो राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्ड भी है। 

तमिलनाडु की गोबिका के (1.79 मीटर) ने सिल्वर जबकि कर्नाटक की अभिन्या शेट्टी (1.77m) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। बेरवाल ने 13 मिनट 45.93 सेकेंड के साथ पुरुष 5000 मीटर दौड़ का गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने सेना के जी लक्ष्मणन के 2015 में बनाए 13 मिनट 50.05 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलों के पिछड़ने रिकॉर्ड को बेहतर किया। यह बेरवाल का मौजूदा खेलों में दूसरा गोल्ड और दूसरा राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड है। उन्होंने शनिवार को पुरुष 10 हजार मीटर स्पर्धा भी 28 मिनट 49.93 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलो के रिकॉर्ड समय के साथ जीती थी। हरियाणा के गगन सिंह ने 14 मिनट 00.04 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल जीता जबकि मध्य प्रदेश के सुनील डावर ने 14 मिनट 01.33 सेकेंड के समय से ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। 

(Input- PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल