1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. स्पेन के खिलाफ क्या बेल्जियम क्वार्टर फाइनल में दिखा पाएगी कमाल, अब तक हेड टू हेड में ऐसा रहा है रिकॉर्ड

स्पेन के खिलाफ क्या बेल्जियम क्वार्टर फाइनल में दिखा पाएगी कमाल, अब तक हेड टू हेड में ऐसा रहा है रिकॉर्ड

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 10, 2026 02:09 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 04:57 pm IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में दूसरा क्वार्टर फाइनल जिसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं वह स्पेन और बेल्जियम की टीम के बीच में खेला जाएगा। स्पेन के खिलाफ जहां अब तक कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हुई है तो वहीं बेल्जियम ने अपने सभी मैचों में जीत हासिल की है।

Spain vs Belgium- India TV Hindi
स्पेन बनाम बेल्जियम Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा जिसमें फ्रांस की टीम ने मोरक्को को 2-0 से मात देने के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। अब टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल जिसके बेहद रोमांचक होने की उम्मीद की जा रही है वह लॉस एंजिल्स स्टेडियम में स्पेन और बेल्जियम की टीम के बीच में खेला जाएगा। दोनों टीमों का क्वार्टर फाइनल तक का सफर काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें स्पेन के खिलाफ जहां अब तक कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी है तो वहीं बेल्जियम ने अपने सभी मैचों में जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच में ये मुकाबला 12 जुलाई को भारतीय समयानुसार देर रात 12:30 बजे से खेला जाएगा।

अब तक स्पेन का बेल्जियम के खिलाफ दिखा है पलड़ा भारी

स्पेन और बेल्जियम की टीम के बीच में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो दोनों के बीच में कुल 22 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें स्पेन का पलड़ा साफ तौर पर भारी दिखता है जो 12 मैच जीतने में कामयाब रहे हैं। वहीं बेल्जियम की टीम ने सिर्फ 5 मुकाबलों में जीत हासिल की है जबकि 5 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। वहीं फीफा वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच हुई भिड़ंत को लेकर बात की जाए तो ये सिर्फ तीसरा मौका है जब इनका आमना सामना होगा। इससे पहले साल 1986 के वर्ल्ड कप में बेल्जियम ने पेनल्टी शूट आउट में स्पेन को 5-4 के अंतर से मात दी थी, तो वहीं साल 1990 में स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।

लामिन यमाल पर रहेगी सभी की नजरें

इस मुकाबले में स्पेन के 18 साल के खिलाड़ी लामिन यमाल पर सबसे ज्यादा सभी की नजरें रहने वाली हैं जो बेल्जियम के लिए एक बड़ा खतरा बन सकते हैं। लामिन यमाल ने अभी तक सिर्फ एक गोल ही किया है लेकिन उनके आक्रामक खेल के चलते बेल्जियम उन्हें हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती है। इस मैच में स्पेन का पलड़ा भारी माना जा रहा है, जिसकी सबसे बड़ी वजह उनके गोलकीपर उनाई साइमन हैं जिन्होंने अब तक किसी भी विपक्षी टीम को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया है।

ये भी पढ़ें

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गोल्डन बूट जीतने की रेस हुई रोमांचक, मेसी को मिल रही एमबापे और हालंद से टक्कर

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्विट्जरलैंड ने अंतिम-8 में बनाई जगह, क्वार्टर फाइनल की सभी आठ टीमें हुईं तय

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल