1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. ऑस्ट्रेलियाई अदालत का आदेश, बंद करो ऑनलाइन चोरी करने वाली पायरेसी वेबसाइटें

ऑस्ट्रेलियाई अदालत का आदेश, बंद करो ऑनलाइन चोरी करने वाली पायरेसी वेबसाइटें

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 18, 2017 01:26 pm IST,  Updated : Aug 18, 2017 01:26 pm IST

एक ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने शुक्रवार को ऑनलाइन सामग्री साझा करने के संबंध में एक बड़ा फैसला सुनाते हुए इंटरनेट प्रदाताओं को ऑनलाइन चोरी करने वाली 40 से अधिक पायरेसी वेबसाइटें बंद करने का आदेश दिया।

Representative Image- India TV Hindi
Representative Image

सिडनी: एक ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने शुक्रवार को ऑनलाइन सामग्री साझा करने के संबंध में एक बड़ा फैसला सुनाते हुए इंटरनेट प्रदाताओं को ऑनलाइन चोरी करने वाली 40 से अधिक पायरेसी वेबसाइटें बंद करने का आदेश दिया। ऑनलाइन चोरी करने वाली वेबसाइटों के खिलाफ इस मामले का नेतृत्व फिल्म वितरक विलेज रोडशो ने किया था और डिजनी, ट्वेंटीअथ सेंचुरी फॉक्स, पैरामाउंट पिक्चर्स, कोलंबिया पिक्चर्स, यूनिवर्सल और वार्नर ब्रदर्स ने उसका समर्थन किया।

ऑस्ट्रेलिया दुनिया के उन देशों में शामिल हैं जो ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ जैसे कार्यक्रम अवैध रूप से डाउनलोड करने में सबसे आगे हैं और देश के कई स्टूडियो ने इस प्रकार की सामग्री तक पहुंच मुहैया कराने वाली अंतरराष्ट्रीय वेबसाइटों को बाधित करने के लिए हालिया वर्षों में कानूनी कदम उठाने शुरू किए है। संघीय अदालत के आदेश के तहत टेलस्ट्रा और ऑप्टस समेत दूरसंचार प्रदाताओं को ईजेडटीवी, डेमोनोयड, लाइमटोरेंट्स और पुटलॉकर जैसी साइटों को बंद करना होगा। जस्टिस जॉन निकोलस ने अपने आदेश में कहा कि ऑनलाइन साइटों की ओर से यह अतिक्रमण निंदनीय है और यह कॉपीराइट मालिकों के अधिकारों के प्रति अनादर को दर्शाता है।

इससे पहले भी दिसंबर में निकोलस ने ऑनलाइन फाइल साझा करने वाली हाई प्रोफाइल वेबसाइटों पाइरेट बे, टोरेन्ट्ज और आइसोहंट को बाधित करने का आदेश दिया था। ऑस्ट्रेलिया ऑनलाइन चोरी करने वाली साइटों को निशाना बना रहा है। संसद ने वर्ष 2015 में कानून पारित करके कॉपीराइट धारकों को अनुमति दी थी कि वे अवैध रूप से सामग्री साझा करने वाली विदेशी वेबसाइटों पर रोक लगाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tech News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक