Google का नया स्लिम AI लैपटॉप जल्द लॉन्च होने वाला है। अमेरिकी टेक कंपनी का यह OLED डिस्प्ले पैनल के साथ आएगा। इसे GoogleBook के नाम से पेश किया जाएगा। इस पतले लैपटॉप की प्री-बुकिंग 21 सितंबर से शुरू होने जा रही है। हालांकि, कंपनी ने अपने इस पतले लैपटॉप की कीमत फिलहाल रिवील नहीं की है। यह कंपनी का पहला फ्लैगशिप लैपटॉप होगा। हाल ही में कंपनी ने अपनी फ्लैगशिप Pixel 11 सीरीज ग्लोबली लॉन्च की है।
क्या है खास?
गूगल के इस अपकमिंग फ्लैगशिप लैपटॉप को Chromebooks के रिप्लेसमेंट के तौर पर पेश किया जाएगा। यह लैपटॉप पूरी तरह से AI बेस्ड होगा यानी इसमें गूगल जेमिनी ऑन-डिवाइस इंटिग्रेटेड होगा। इसे खास तौर पर एआई का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए पेश किया जा रहा है।
भारतीय टिप्स्टर अभिषेक यादव ने अपने X हैंडल से गूगल के अपकमिंग लैपटॉप के बारे में जानकारी शेयर की है। कंपनी ने इस लैपटॉप को आधिकारिक तौर पर टीज किया है और इसकी प्री-ऑर्डर डेट अनाउंस की है। टिप्स्टर का दावा है कि यह लैपटॉप गूगल इंटेलिजेंस यानी जेमिनी पर बेस्ड है। इसे नए डिजाइन के साथ पेश किया गया है। इसमें जेमिनी इस्तेमाल करने के लिए मैजिक प्वाइंटर दिया जाएगा। यह लैपटॉप डीप एंड्रॉइड फोन इंटिग्रेशन और सिग्नेचर ग्लोबार जैसे फीचर्स के साथ आएगा।
क्या होंगे फीचर्स?
गूगल के इस अपकमिंग स्लिम AI लैपटॉप में यूजर्स अपने Android स्मार्टफोन को इंटिग्रेट कर सकेंगे। फोन के ऐप्स को लैपटॉप में भी यूज कर सकेंगे। इसमें कास्ट माई ऐप्स जैसे फीचर्स दिए जाएंगे, जिसकी मदद से फोन के ऐप को लैपटॉप में कॉस्ट किया जा सकेगा। यह लैपटॉप Android 17 प्लेटफॉर्म पर काम करेगा। इस लैपटॉप के लिए कंपनी ने Asus, Acer, Dell, HP जैसे ब्रांड्स के साथ साझेदारी की है, जो गूगलबुक के साथ लैपटॉप लॉन्च करेंगे। गूगल का यह लैपटॉप 21 सितंबर को प्री-ऑर्डर के लिए न्यूयॉर्क में सबसे पहले उपलब्ध कराया जाएगा।
इस लैपटॉप को खास तौर पर Apple के MacBook को टक्कर देने के लिए पेश किया जाएगा। इसमें हार्डवेयर से लेकर सॉफ्टवेयर तक पर गूगल का कंट्रोल होगा। यूजर्स एंड्रॉइड स्मार्टफोन के साथ गूगल के इस इकोसिस्टम के साथ जुड़ सकेंगे। गूगल के इस लैपटॉप में Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलेगा, जिसमें आप वो सभी ऐप्स और फीचर्स यूज कर सकेंगे, जो स्मार्टफोन में यूज करते हैं। ऐसे में अपने फोन को लैपटॉप के साथ कनेक्ट करना आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़ें - Samsung Galaxy A18 हुआ लॉन्च, मिलेगी 5000mAh की बैटरी, सुपर AMOLED डिस्प्ले